परतवाड़ा इलाके में शिवसेना के 44 वर्षीय नेता की चाकुओं से गोदकर हत्या पर बवाल…

महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले में शिवसेना के एक स्थानीय नेता समेत तीन लोगों की हत्या के बाद सोमवार को कुछ इलाकों में कफ्र्यू लगाना पड़ा। अलग-अलग घटनाओं में तीनों की हत्या के बाद दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया है।
जिले के परतवाड़ा इलाके में शिवसेना के 44 वर्षीय नेता श्याम पहलवान नंदवंशी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। दोपहर साढ़े बारह बजे की घटना की खबर फैलते ही लोग सड़कों पर उतर गए और एक समुदाय विशेष के तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले नंदवंशी की शाहरूख नामक स्थानीय युवक से विवाद हुआ था। नंदवंशी ने उस पर चाकू से हमला किया था, और माना जा रहा है कि उसी के बदले में उनकी हत्या हुई है।
घटना के विरोध में नंदवंशी के समर्थकों ने बवाल काटा और कुछ लोगों पर हमला भी किया। इनमें से दो लोगों की अस्पताल के रास्ते में मौत हो गई।
इन घटनाओं के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ। हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण अमरावती के अचलपुर, फरवदा और सरमसपुरा थाना क्षेत्रों में कफ्र्यू लगा दिया है। क्षेत्र में भारी मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया है। अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हरिबालाजी एन ने बताया कि हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
भारी मात्रा में हथियार और ड्रग्स बरामद
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और ड्रग्स बरामद किए हैं। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात को चिल्लर फाटा में छापे के दौरान चार देसी रिवाल्वर, तीन देसी राइफल, 63 गोलियां, 8.9 किलोग्राम इफेड्रिन नामक नशीली दवा, 8.5 किलोग्राम डीएमटी, 500 ग्राम हेरोइन और 3.1 किलोग्राम मारफीन बरामद की गई।





