अब महिला अस्पताल में मरीजों को नहीं झेलनी होगी बेड की किल्लत….

अब महिला अस्पताल में मरीजों को बेड की किल्लत नहीं झेलनी होगी। आए दिन फर्श पर लेटने की आने वाली शिकायतों से निजात मिल सकेगी। जिला महिला अस्पताल के नए भवन में ओपीडी के बाद सोमवार से अब एक और सुविधा बढ़ा दी गई है। इसके तहत अब प्रसूताओं की सर्जरी नए भवन के आपरेशन थियेटर में होगी। साथ ही जल्द ही वहां पर मरीज भर्ती किए जाएंगे।
डीएम डॉ. नितिन बंसल ने आपरेशन थियेटर के नवीन कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया। यहां पर उन्होंने सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह पुराने भवन में भर्ती मरीजों से मिलने पहुंचे। व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला से उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रभावी प्रबंध करने को कहा। सीएमएस डॉ. एपी मिश्र ने सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट में बेड कम होने के कारण होने वाली समस्या के बारे में बताया। इस पर डीएम ने आवश्यक सुझाव दिए। सीडीओ आशीष कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमरनाथ, डॉ. आरपी सिंह, यूनीसेफ के साकेत शुक्ला, डॉ. एस कुमार, डॉ. ललिता, विद्या त्रिपाठी मौजूद रहे।
इनसेट
– सीएमएस कार्यालय के सामने वाहनों के खड़े होने पर डीएम ने पार्किंग हटवाने को कहा। इसके बाद डीएम ने जिला अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। यहां पर अतिशीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर प्रमुख अधीक्षक डॉ. अरुण लाल सहित अन्य मौजूद रहे।





