उत्तराखंड के मसूरी में हिमालयन कॉन्क्लेव शुरू, एक मंच पर होंगे हिमालयी राज्य के मुखिया

उत्तराखंड के मसूरी में रविवार (28 जुलाई) से हिमालयन कॉन्क्लेव शुरू हो रहा है. इस मौके पर उत्तराखंड में पहली दफा सभी हिमालयी राज्य के मुखिया एक साथ एक ही मंच पर नजर आएंगे. इस कॉन्क्लेव में नॉर्थ ईस्ट और उत्तर भारत सहित 11 राज्यों के मुखिया को बुलाया गया है, जो हिमालयी राज्यों से जुडे़ विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करेंगे.

हिमालयी राज्यों की विशेष भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए इस कॉन्क्लेव के माध्यम से सभी राज्यों के लिए विकास और नीतियों का खाका तैयार किया जाएगा. वहीं, ग्लोबल वार्मिंग की विश्वव्यापी समस्या पर नीति आयोग की टीम के साथ चर्चा होगी.

नीति आयोग की टीम के साथ होने वाली बैठक में पीएम मोदी के निर्देश पर वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार शामिल होंगे.

उत्तराखंड के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया, ‘इस सम्मेलन में सभी राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्यमंत्री शरीक होने आ रहे हैं. इसमें सभी राज्यों में विषम भौगोलिक परिस्थितियों, उच्च वन भूमि और जलावायु परिवर्तन के चलते पड़ रहे मानव विकास के असर पर विचार-विमर्श कर एक ऐसा मसौदा तैयार किया जाएगा, जिससे इन राज्यों में विकास को रफ्तार मिल पाएगी.’

वहीं, नीति आयोग के सदस्यों के साथ हो रही बैठक में हिमालयी राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. इसमें उत्तर भारत से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और नॉर्थ ईस्ट से आठ राज्य- सिक्किम, आसाम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर से प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया, ‘अब तक नॉर्थ ईस्ट से 4 मुख्यमंत्रियों के आने की पुष्टि हो चुकी है. वहीं, मसूरी में होने जा रहे इस सम्मेलन को लेकर उत्तराखंड शासन से लेकर जिला प्रशासन तक सभी अलर्ट पर है.’

महानिदेशक पुलिस अनिल रतूड़ी ने बाताया, ‘इस सम्मेलन के लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही इस आयोजन के लिए लिए सफाई और आवश्यक सेवा के लिए अधिकारियों को खास दिशा-निर्देश दिए गए हैं.’

Back to top button