दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने अपने कांस्टेबल सचिन भाटी के खिलाफ केस किया दर्ज

दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने अपने कांस्टेबल सचिन भाटी के खिलाफ केस दर्ज किया है. सचिन भाटी पर सोशल मीडिया में सिख समुदाय के खिलाफ पोस्ट करने और हिंसा को भड़काने का आरोप लगाया गया है.

दिल्ली पुलिस को अपने विभाग के एक कर्मचारी के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए मजबूर होना पड़ा. दरअसल, कांस्टेबल सचिन भाटी पर इल्जाम है कि उसने सोशल मीडिया पर सिख समुदाय के खिलाफ एक पोस्ट शेयर की थी.

कांस्टेबल सचिन ने अपनी पोस्ट में सिख समुदाय पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया था. इस पोस्ट के चर्चाओं में आने के बाद बवाल हो गया. सिख समुदाय में उबाल आ गया. इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की गई.

पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए फौरन आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का फरमान सुना दिया.

इससे पहले 16 जून को दिल्ली के मुखर्जी नगर में सिख ड्राइवर सरबजीत सिंह और उनके बेटे की पिटाई को लेकर काफी बवाल देखने को मिला था. इस घटना को लेकर सिख समुदाय ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था.

Back to top button