र्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के 11 विधायकों ने अपने पद से दे दिया इस्तीफा, कुमारस्वामी सरकार पर संकट

कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के 11 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। इन विधायकों में बीसी पाटिल (BC Patil), एच विश्वनाथ (H Vishwanath), नारायण गौड़ा (Narayan Gowda), शिवराम हेब्बर (Shivaram Hebbar), महेश कुमाथल्ली (Mahesh Kumathalli), प्रताप गौड़ा पाटिल (Pratap Gowda Patil), रमेश जारकीहोली (Ramesh Jarkiholi) और गोपालैया (Gopalaiah) शामिल हैं।
बताया जाता है कि जब ये विधायक विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार को अपना इस्तीफा सौंपने उनके दफ्तर पहुंचे तो वह मौजूद नहीं थे। इसके बाद इन विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय में संबंधित सचिव को सौंपा। मौजूदा घटनाक्रम के बारे में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं अपनी बेटी को रिसीव करने के लिए घर चला गया था। मैंने अपने कार्यालय से विधायकों का इस्तीफा लेने के लिए कहा है। कुल 11 सदस्यों ने इस्तीफा दिया है। कल यानी रविवार को अवकाश है। अत: मैं सोमवार को ही अब इस मामले को देखूंगा।
शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार से मिलने पहुंचे दोनों दलों के विधायकों की खबर जैसे ही सामने आई सूबे का सियासी माहौल एकबार फिर गरमा गया। शुरुआत में राज्य के मंत्री डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) ने कहा कि मैं सभी विधायकों से मिल चुका हूं जो विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि कोई भी विधायक इस्तीफा देने नहीं जा रहा है। सरकार को किसी तरह का खतरा नहीं है। लेकिन विधायकों के इस्तीफे से उनके दावे गलत साबित हुए।
विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचे कांग्रेस विधायक रामालिंगा रेड्डी (Ramalinga Reddy) ने कहा कि मैं विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपने आया हूं। मैं अपनी बेटी (कांग्रेस विधायक सौम्या रेड्डी, Sowmya Reddy) के अगले कदम के बारे नहीं जानता। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी में किसी को भी इसका दोष नहीं दे रहा हूं। मुझे लगता है कि कुछ मुद्दों पर मेरी उपेक्षा की जा रही है। इसीलिए मैंने इस्तीफा देने का फैसला लिया है।





