श्यामला हिल्स पुलिस ने इस मामले में खात्मा प्रतिवेदन विशेष न्यायाधीश की अदालत में किया पेश

श्यामला हिल्स थाने ने विशेष अदालत में मुख्यमंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह के खिलाफ दर्ज मामले में खात्मा रिपोर्ट पेश की है। इस मामले में 27 सिंतबर 2018 को विशेष न्यायाधीश सुरेश सिंह ने व्यापमं मामले मेंं संतोष शर्मा की ओर से पेश परिवाद पत्र पर सुनवाई करते हुए कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह सहित व्हिसल ब्लोअर प्रशांत पांडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को श्यामला हिल्स पुलिस ने इस मामले में खात्मा प्रतिवेदन विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। अदालत ने इस मामले में परिवादी के बयान दर्ज करने के लिए 22 जून की तारीख तय की है। श्यामला हिल्स थाना प्रभारी की ओर से शुक्रवार को अदालत में खात्मा प्रतिवेदन पेश कर बताया कि अदालत के आदेश पर 27 सितंबर 2018 को आवेदक संतोष शर्मा द्वारा दिग्विजय सिंह, प्रशांत पाण्डेय व अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज करने का आवेदन दिया गया था।
जिस पर दिग्विजय सिंह, प्रशांत पाण्डेय, कमलनाथ व ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरुद्ध विभिन्न् धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में विवेचना के दौरान फरियादी संतोष शर्मा के बयान दर्ज होने के बाद फरियादी द्वारा तत्समय कोई अन्य दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा अन्य जानकारियों के साथ पुलिस ने इस मामले में खात्मा प्रतिवेदन अदालत में पेश किया है।





