परिजन रात में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए थे घटना से आक्रोशित लोगों को एसपी ने समझाकर कराया शांत

कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को हृदयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। दस साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव कब्रिस्तान में फेंक दिया। सुबह मासूम का शव देखकर सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के साथ आई फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने हत्यारोपित की तलाश शुरू की है।
कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को 10 वर्षीय बच्ची पूनम का शव नग्नावस्था में घर के बाहर कब्रिस्तान झाडिय़ों में पड़ा मिला तो सनसनी फैल गई। वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ती थी। परिजन रात में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए थे और घर पर बच्ची अकेली थी। रात में कोई उसे बहला फुसला कर उठा ले गया। आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद शव घर के बाहर कब्रिस्तान के पास झाडिय़ों में फेंक दिया।
सुबह झाडिय़ों में मासूम का शव पड़ा देखकर लोगों में सनसनी फैल गई। आसपास गांव से लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं डॉग स्कवॉयड भी आरोपित की तलाश में कुछ देर तक गया और पुलिस को सुराग दिए। गांव पहुंचे एसपी हेमराज मीणा ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और आरोपित को गिरफ्तार कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया।





