श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के बाहर चलाया अभियान, पुलिस करीब 50 वाहनों को ट्रैक्टर-टाली में लाद कर थाने लेकर चली गई

शहर का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जहां अतिक्रमण और जाम की समस्या न हो। मगर लाल पुल से लेकर श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के बीच स्थिति कुछ अधिक ही गंभीर है। इस सड़क के फुटपाथ पर स्थायी तौर पर गाड़ियां तो पार्क होती ही हैं, खाली बची जगह पर फल-ठेली वालों का कब्जा रहता है। इससे यहां दिन भर जाम की स्थिति रहती है।

इसी मार्ग पर श्री महंत इंदिरेश मेडिकल कॉलेज भी है। जहां पूरे दिन गंभीर रोगियों को लेकर एंबुलेंस का आना-जाना लगा रहता है। अक्सर यहां लगने वाले जाम में एंबुलेंस भी फंसती हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। पटेलनगर पुलिस ने इसे लेकर कई बार अभियान चलाया, लेकिन चंद घंटे बाद ही फिर से वही नजारा देखने को मिलने लगता है। 

शनिवार को पटेलनगर कोतवाली की पुलिस ने श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के बाहर अभियान चलाया तो हकीकत एक बार फिर सामने आ गई। यहां सड़क पर दर्जनों बाइक और कारें खड़ी मिलीं। पुलिस ने उनके स्वामियों की तलाश की तो पता ही नहीं चला। इस पर पुलिस करीब पचास वाहनों को ट्रैक्टर-टाली में लाद कर थाने लेकर चली गई। इंस्पेक्टर सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। लाल पुल से इंदिरेश अस्पताल तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली फल-ठेलियों को भी चिन्हित कर उन्हें हटाया जाएगा।

Back to top button