लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद चुनावी मौसम भले ही खत्म हो गया लेकिन, चुनावी रंजिश बरकरार…

लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद चुनावी मौसम भले ही खत्म हो गया लेकिन, चुनावी रंजिश बरकरार है। चुनाव में जीत-हार को लेकर बच्चों के बीच हुए विवाद में बड़े भिड़ गए। देखते ही देखते लाठियां चटक गईं। आगजनी व तोडफ़ोड़ भी हुई। दोनों पक्षों से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कटराबाजार थाना क्षेत्र की है।

माधवपुर अहिरन पुरवा निवासी भुलावर गुप्त का दस वर्षीय पुत्र गोविंंद, रामसखर यादव की परचून की दुकान पर शुक्रवार को शैंपू लेने गया था। यहां चुनाव परिणाम को लेकर चर्चा चल रही थी। बालक ने कुछ कहा तो उसके परिवारवालों पर भाजपा के पक्ष की मदद का आरोप जसवंत यादव नामक युवक ने लगाते हुए मारपीट की। इसी को लेकर दोनों पक्षों से लाठियां चलने लगीं।

इसमें ननकू, श्रवन, रमेश, रामू, अनोखी व रामसखर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आगजनी की घटना में मैनू व कुमार सहित आधा दर्जन लोगों के फूस के मकान जल गए हैं। गांव के अशोक तिवारी ने बताया कि चुनाव में हार-जीत को लेकर विवाद हुआ है। लेखपाल यज्ञराम यादव ने बताया कि क्षति का आंकलन कर सूचना तहसील भेजेंगे। 

गांव में पुलिस कर रही गश्त

मौके पर शांति है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल लगाया गया है। कोतवाल संदीप सिंंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा लिखा जाएगा। नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई की मांग

बसपा नेता व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मसूद आलम खां ने निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से दबंगों का मनोबल बढ़ता है।

Back to top button