कर्मचारियों को नौ फीसद की बजाय 12 फीसद DA देने का लिया निर्णय, अब HRA देने की भी तैयारी

हरियाणा में लोकसभा की सभी दस सीटें जीतने के बाद अब भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तरफ रुख किया है। चुनाव आचार संहिता खत्म होते ही सरकार ने तीन लाख से अधिक सरकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नौ फीसद की बजाय 12 फीसद महंगाई भत्ता (डीए) देने का निर्णय लिया है। तीन फीसद बढ़े महंगाई भत्ते का लाभ पहली जनवरी से दिया जाएगा। प्रदेश सरकार कर्मचारियों को खुश करने के लिए उन्हें मकान किराया भत्ता (एचआरए) भी दे सकती है।
विभिन्न राज्यों के एचआरए स्लैब का आकलन करने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा एचआरए स्लैब बनाने के आदेश दिए जा चुके हैैं। जून के पहले सप्ताह में होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में कर्मचारियों को एचआरए दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि महंगाई भत्ता बढऩे से कर्मचारियों को हर महीने 35 करोड़ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 17.7 करोड़ रुपये का लाभ होगा। सभी कर्मचारियों को चार महीने का एरियर भी दिया जाएगा। उधर, एचआरए में बढ़ोतरी का फैसला सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार होगा।
सातवें वेतन आयोग ने एचआरए के तीन स्लैब बनाए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को मूल वेतन का 10 फीसद, शहरों में 20 और महानगरों में 30 फीसद एचआरए दिए जाने का प्रावधान है। राज्य के कर्मचारियों को अभी पुराने वेतनमान के हिसाब से 10, 20 और 30 फीसद एचआरए मिल रहा है। 30 फीसद एचआरए केवल दिल्ली में कार्यरत कर्मचारियों को दिया जा रहा है। कर्मचारियों की शुरू से यह मांग है कि दिल्ली के अलावा चंडीगढ़, पंचकूला, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कार्यरत कर्मचारियों को 24 फीसद एचआरए दिया जाए।





