PM नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ में पूजा-अर्चना के बाद लिया पुनर्निर्माण के कार्यों का जायजा

पीएम मोदी ने डेढ़ घंटे से अधिक समय तक पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। 12:35 मिनट पर वे सेफ हाउस में लौटे। बताया जा रहा है कि यहां कुछ देर आराम के बाद ध्यान गुफा में जाएंगे। बता दें कि इससे पहले 3 मई 2017, 20 अक्टूबर 2017 और 7 नवंबर 2018 को प्रधानमंत्री मोदी केदारनाथ आ चुके हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव उत्पल कुमार के साथ पुनर्निर्माण कार्यों को लेकर बैठक की। इसके बाद वह केदारघाटी में मौजूद ध्यान गुफा में जाएंगे। इसके लिए गुफा में उनका सामान पहुंचाया जा रहा है।

Embedded video

बता दें कि प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम के प्रति असीम आस्था रखते हैं। अपने शुरुआती दिनों में उन्होंने केदारनाथ के नजदीक ही गरुड़चट्टी में साधना की थी। केदारपुरी का पुनर्निर्माण उनके ड्रीम प्रोजक्ट में शामिल है। वह खुद इसकी मॉनिटरिंग करते रहते हैं।
11:35 AM, 18-MAY-2019
पीएम मोदी ने केदारनाथ मंदिर में करीब 17 मिनट तक पूजा की। पीएम मोदी ने केदारनाथ धाम पर बाघम्बर चढ़ाया है और घंटा भी अर्पित किया है। घंटे का वजन एक क्विंटल है। मान्यता है कि जब किसी व्यक्ति की मनोकामना पूरी हो जाती है, तो वह घंटे या घंटियां मंदिर में चढ़ाते हैं। कई बार लोग मन्नत मांगने के समय भी इसे चढ़ाते हैं। अभी भी वह पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा ले रहे हैं।
10:44 AM, 18-MAY-2019
इसके बाद पीएम मोदी ने धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से तमाम जानकारियां लीं। वह खुद कार्यों के नक्शा और फाइल्स देखने लगे। उन्होंने आदिगुरु शंकराचार्य के समाधी स्थल के पुनर्निर्माण के बारे में जानकारी ली।
10:34 AM, 18-MAY-2019
इसके बाद श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को मंदिर परिसर में श्रीकेदारनाथ मंदिर का लकड़ी से बना प्रतीक और शॉल भेंट किया गया। साथ ही उन्हें महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों से तैयार प्रसाद भी उन्हें भेंट किया गया।
10:28 AM, 18-MAY-2019
10 बजकर 27 मिनट पर प्रधानमंत्री मोदी की पूजा और अभिषेक संपन्न हुआ और वह मंदिर से बाहर आ गए। यहां उन्होंने मंदिर के बाहर विराजमान बाबा नंदी और केदारपुरी को प्रणाम किया। इसके बाद मंदिर की परिक्रमा करने लगे। जिसके बाद उन्होंने वहां मौजूद सभी भक्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
10:23 AM, 18-MAY-2019

बता दें कि प्रधानमंत्री बनने के बाद केदारनाथ में उनकी यह चौथी यात्रा है। पूजा के बाद पीएम मोदी धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। जिसके बाद वह ध्यान गुफा में जाएंगे और आज रात वहीं प्रवास करेंगे।

10:18 AM, 18-MAY-2019
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर में प्रवेश किया। जहां उनके तीर्थ पुरोहित प्रवीण तिवारी और बीकेटीसी के आचार्य ओमकार शुक्ला द्वारा पूजा कराई जा रही है। लगभग आधे घंटे की पूजा में रुद्राभिषेक व अन्य पूजाएं की जाएंगी।
09:53 AM, 18-MAY-2019
सुबह करीब नौ बजकर 37 मिनट पर पीएम मोदी केदारनाथ पहुंचे। भगवान शिव की साधना के लिए एक अलग अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने हल्के नीले रंग के चोला पहना हुआ है और कमर पर भगवा साफा बांधा हुआ है। वहीं सिर पर हिमाचली टोपी पहने हुए हैं। वह हेलीपैड से पैदल ही केदारनाथ मंदिर की ओर चल दिए। 
09:25 AM, 18-MAY-2019
केदारघाटी में बने वीवीआईपी हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सेना का हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। यहां से पीएम मोदी मंदिर परिसर तक एटीवी में बैठक से पहुंचेंगे।मंदिर परिसर में बीकेटीसी के पदाधिकारी प्रधानमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट व प्रतीक चिह्न भेंट करेंगे।
09:03 AM, 18-MAY-2019

प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर केदारनाथ धाम में आज सुबह 8 बजे से आम भक्तों के लिए दर्शन बंद कर दिए गए। मंदिर परिसर में एसपीजी तैनात है। मंदिर के चारों ओर लाल कारपेट बिछाई गई है। वहीं केदारनाथ धाम में हल्के बादल छाए हुए हैं।

08:59 AM, 18-MAY-2019
इसके बाद सुबह करीब नौ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य सचिव के साथ केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम में रात्रि प्रवास के साथ ही बाबा केदार की यात्रा में एक नया अध्याय भी जुड़ जाएगा। यह पहला मौका बन रहा है, जब देश के प्रधानमंत्री धाम में रात्रि प्रवास करेंगे।
08:29 AM, 18-MAY-2019
सुबह करीब आठ बजकर 27 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। जहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डीजीपी अनिल रतूड़ी सहित अन्य अधिकारियों ने पीएम मोदी का स्वागत किया।
08:24 AM, 18-MAY-2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान दिल्ली से टेक ऑफ हो गया है। बस कुछ ही देर में पीएम देहरादून पहुंच जांएगे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डीजीपी अनिल रतूड़ी सहित अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
08:18 AM, 18-MAY-2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा को देखते हुए गौचर में भी पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हवाई पट्टी पर आपातकालीन लैंडिंग की सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। हवाई पट्टी को सील कर दिया गया है।
08:12 AM, 18-MAY-2019
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे से प्रदेश भाजपा दूरी बनाए रखेगी। प्रदेश में लोकसभा चुनाव आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, जिसके चलते भाजपा संगठन कार्यक्रम में शामिल नहीं होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ये निजी दौरा है, जिसमें पार्टी हिस्सा नहीं बनेगी। 
08:09 AM, 18-MAY-2019
इसके बाद वे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे। प्रधानमंत्री केदारनाथ में रात्रि प्रवास ध्यान गुफा में ही करेंगे। 19 मई को सुबह सात बजे प्रधानमंत्री श्री बदरीनाथ धाम के लिए उड़ान भरेंगे। करीब सवा घंटे बदरीनाथ में रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सुबह 11.30 बजे हेलीकॉप्टर से जौलीग्रांट पहुंचेंगे, जहां से उनका विशेष विमान उन्हें दिल्ली लेकर जाएगा।
08:01 AM, 18-MAY-2019
दिल्ली से जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद पीएम कुछ देर रुकने के बाद केदारनाथ धाम के लिए उड़ान भरेंगे। सुबह 9 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ पहुंच साढ़े नौ बजे बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही ध्यान गुफा में भी जाएंगे। इसे लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
07:57 AM, 18-MAY-2019
पीएम शनिवार से दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री का विशेष विमान सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। जौलीग्रांट से वायुसेना का हेलीकॉप्टर उन्हें केदारनाथ धाम लेकर जाएगा। रात्रि विश्राम केदारनाथ में करने के बाद प्रधानमंत्री रविवार सुबह बदरीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर दिल्ली लौटेंगे।
07:51 AM, 18-MAY-2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए बस कुछ ही देर में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होंगे। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए प्रचार थमने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बदरी-केदार धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
Back to top button