पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों ने प्रचार के लिए मांगा और टाइम…

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस सहित तीन विपक्षी दलों ने गुरुवार को चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया. मसला राज्य में चुनाव प्रचार के समय में कटौती से जुड़ा रहा. तीनों राजनीतिक दलों ने कम से कम आधा दिन और प्रचार के लिए देने की मांग की है. उन्होंने चुनाव प्रचार पर लगी रोक को सिद्धांतों के विपरीत करार दिया है. दरअसल, चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक अंतिम चरण में मतदान वाली पश्चिम बंगाल की नौ लोकसभा सीटों पर प्रचार की समय-सीमा निर्धारित समय से 20 घंटे पहले ही खत्म हो गई.
चुनाव आयोग ने यह कदम पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान हिंसक घटनाओं के मद्देनजर उठाया. आयोग ने अनुच्छेद 324 का प्रयोग करते हुए चुनाव प्रचार अवधि में कटौती कर दी. जिससे शुक्रवार की जगह गुरुवार को ही प्रचार खत्म हो गया. पश्चिम बंगाल की जिन 9 सीटों के लिए आखिरी चरण में मतदान होना है, वे सीटें ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की गढ़ के रूप में मानी जाती हैं. ऐसे में यहां जीत के लिए बीजेपी ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है.
पश्चिम बंगाल के घटनाक्रम को 10 बिंदुओं में जानें-
1- पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण में दक्षिण बंगाल, कोलकाता उत्तर, बारासात, कोलकाता दक्षिण, दम दम, बशीरहाट, जादवपुर, डायमंड हार्बर, जयनगर(एससी) और मथुरापुर(एससी) सीटों पर मतदान होना है. कैंपेनिंग की समय-सीमा खत्म हो गई है. इन सीटों के 1,49,63,064 वोटर्स 111 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला रविवार को करेंगे.
2- देश के चुनाव इतिहास में पहली बार इलेक्शन कमीशन ने समय सीमा से पहले ही चुनाव प्रचार रोकने का फैसला किया. यह प्रचार शुक्रवार शाम छह बजे खत्म होना था मगर गुरुवार रात 10 बजे ही खत्म कर दिया गया. यह कदम बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा के बाद आयोग ने उठाया.
3- केंद्रीय सुरक्षा बलों की 710 कंपनियों को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में शांति से चुनाव संपन्न कराने के लिए लगाया है. पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था है. पहली बार स्पेशल ऑब्जर्वर की तैनाती हुई है.
4- ये नौ सीटें, कोलकाता, दक्षिण और उत्तर 24 परगना के तीन जिलों में फैली हुईं हैं. जादवपुर को छोड़कर अन्य सीटों पर तृणमूल, कांग्रेस, बीजेपी और वाममोर्चा के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला होगा. वहीं, जादवपुर सीट पर त्रिकोणीय लड़ाई होगी, क्योंकि कांग्रेस ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार ही नहीं उतारा है.
5- पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता सचिन पायलट की हाई वोल्टेज कैंपेनिंग का पश्चिम बंगाल गवाह बना. पीएम नरेंद्र मोदी ने आखिरी दिन दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर और दमदम में दो चुनावी जनसभाएं कीं. जबकि ममता बनर्जी ने कोलकाता के बेहाला और जादवपुर में दो रोड शो किए. वहीं अमित शाह के रोड शो के दौरान मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन के दौरान उत्तर कोलकाता के एक कॉलेज में समाज सुधारक ईश्वर चंद विद्यासागर की मूर्ति टूट गई.
6- पश्चिम बंगाल की दमदम सीट पर बीजेपी ने तृणमूल सांसद सौगत रॉय के खिलाफ सामिक भट्टाचार्य को खड़ा किया है, वहीं सीपीआई(एम) ने नेपाल देव भट्टाचार्य और कांग्रेस ने सौरव साहा को खड़ा किया है, बारासात में टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार बीजेपी के मृणाल कांति देबनाथ से लड़ रही हैं, वहीं कांग्रेस ने इस सीट से सुब्रत दत्ता और लेफ्ट फ्रंट ने हरिपद विश्वास को चुनाव लड़ाया है.
7- बशीरहाट लोकसभा सीट पर टीएमसी ने सेलिब्रेटी उम्मीदवार नुसरत जहान रुही को बीजेपी के सयंतन बसु के सामने खड़ा किया है. वहीं कांग्रेस ने काजी अब्दुर रहीम और वाम मोर्चा घटक सीपीआई ने पल्लब सेन गुप्ता को टिकट दिया है. जयनगर(एससी) सीट पर टीएमसी की प्रतिमा मंडल, बीजेपी के डॉ. अशोक कंडारी, कांग्रेस से तपन मंडल और वाम मोर्चा से सुभाष नस्कर को चुनाव मैदान में उतारा है. मथुरापुर(एससी) सीट से टीएमसी के चौधरी मोहन जटुआ, बीजेपी के श्यामा प्रसाद हलदर, वहीं कांग्रेस से कृतिबास सरदार और माकपा ने डॉ. शरत चंद्र हलधर को टिकट दिया है.
8- डायमंड हार्बर सीट से टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी फिर से चुनाव जीतने की तैयारी में हैं, वह टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के भतीजे हैं और पार्टी में नंबर दो माने जाते हैं. उनके खिलाफ बीजेपी से नीलांजन रॉय तो माकपा के फवाद हलीम और कांग्रेस ने सौम्या एच रॉय को चुनाव मैदान में उतारा है. वहीं जादवपुर सीट पर भी टीएमसी ने सेलिब्रेटी उम्मीदवार मिमी चक्रवर्ती, बीजेपी ने अनुपम हाजरा, माकपा ने बिकास रंजन भट्टाचार्य को चुनाव मैदान में उतारा है. कोलकाता दक्षिण सीट से बीजेपी के चंद्र कुमार बोस के खिलाफ टीएमसी ने माला रॉय, वहीं कांग्रेस ने नंदिनी मुखर्जी और कांग्रेस ने मिता चक्रबर्ती को उतारा है.
9- कोलकाता नॉर्थ सीट से सुदीप बंदोपाध्याय बीजेपी के नेशनल सेक्रेटरी राहुल सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं तो सीपीआई(एम) ने कनिनिका बोस और कांग्रेस ने सैयद शाहिद इमाम को टिकट दिया है.
10- विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से इलेक्शन कैंपेनिंग पर लगी रोक हटाने की मांग की है, जो गुरुवार रात दस बजे खत्म हो गई. विपक्षी दलों ने इसे ‘खेल के सिद्धांत’ के विपरीत बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन बताया है. पार्टियों ने कहा-हम आग्रह करते हैं कि आयोग अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और हिंसा फैलाने वाले को दंडित करे. इस तरह के मनमाने निर्णय और निर्दोषों को दंडित करने से गलत परंपरा शुरू होगी.





