UP के गाजियाबाद में ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनें बाधित

 दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर बृहस्पतिवार दोपहर दिल्ली जा रही ईएमयू ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, दिल्ली आने जाने वाली कुछ ट्रेनों का आवागमन जरूर बाधित हुआ है, ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली ट्रेन ईएमयू प्लेटफार्म नंबर 5 और 6 पर दुर्घटना का शिकार हो गई। ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिग्नल को तोड़ते हुए डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर के करीब 12 बजे की है। वहीं, हादसे की जानकारी लगते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई है।

अधिकारियों का कहना कि नई दिल्ली जाते वक्त ये हादसा हुआ है और ट्रेन में कुछ ही यात्री थे। किसी यात्री को चोट लगने की सूचना नहीं है। हादसे की वजह से कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रोक दी गईं हैं और रूट डाइवर्ट कर ट्रेनों को रवाना कराया जा रहा है।

Back to top button