हरी साग सब्जियां व गुड़ का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करना चाहिए….

गर्भवती महिलाओं में खून की कमी एक बड़ी समस्या है। भोजन में लौह तत्वों व अन्य पोषक तत्वों की कमी एनीमिया के मुख्य कारक है। ऐसे में हरी साग सब्जियां व गुड़ का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करना चाहिए। जिससे गर्भवती महिलाओं को खून की कमी से बचाया जा सके।
यह सलाह चिकित्सक डॉ. शिवाली ने महिला अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत लगाए गए शिविर में गर्भवती मरीजों को दी। उन्होंने कहा अगर थकान या कमजोरी दिख रही है तो यह एनीमिया का कारण हो सकती है। इसके साथ ही सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना, सिर दर्द, हाथ और पैर में शीतलता, सीने में दर्द, त्वचा का पीला पड़ना सहित अन्य एनीमिया के लक्षण है। ऐसे में एनीमिया से बचने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। शिविर में 120 महिलाओं की जांच करके उन्हें दवाएं दी गई। महिला चिकित्सक डॉ. सुवर्णा ने भी मरीजों का चेकअप किया। इसके साथ ही कर्नलगंज सीएचसी पर शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं का वजन, ऊंचाई, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन स्तर, ब्लड-ग्रुप, शुगर, पेशाब, एचआइवी की जांच की गई। नर्स मेंटर गुड़िया सरकार ने मरीजों को फल वितरित किए। अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा का कहना है कि महिलाएं किसी भी समाज की मजबूत स्तंभ होती हैं। जब हम महिलाओं और बच्चों की समग्र देखभाल करेंगे तभी देश का सतत विकास संभव है। इसके अलावा जिले की सभी सीएचसी पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इनसेट
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
– संयुक्त निदेशक डॉ. सतीश कुमार ने महिला अस्पताल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने पड़रीकृपाल सहित अन्य अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न सुधार के टिप्स दिए गए।





