होशियारपुर लोकसभा सीट पर भाजपा को भितरघात की आशंका, सांपला और उनके समर्थकों को भेजा ‘वनवास’

लोकसभा चुनाव में जिला भाजपा में गुटबाजी को लेकर भाजपा हाईकमान पशोपेश में है। केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला की टिकट काट कर फगवाड़ा के विधायक सोम प्रकाश को देने के बाद से ही सांपला गुट नाराज है। भाजपा हाईकमान ने भितरघात की आशंका में सांपला समर्थकों की ड्यूटी बाहरी जिले में लगाने का फामरूला तैयार कर लिया है। हाईकमान ने विजय सांपला की ड्यूटी होशियारपुर की बजाय गुरदासपुर लगा दी है। वहीं उनके समर्थकों की ड्यूटी दूसरे जिलों में लगाने की तैयारी है।
ऐसा इसीलिए किया है ताकि सांपला गुट होशियारपुर में भाजपा की चुनावी गेम बिगाड़ न सकें। हाईकमान के फरमान के बाद सांपला तो गुरदासपुर चले गए हैं, लेकिन सांपला समर्थक चुनावी माहौल में पूरी गर्मी होने के बावजूद अभी तक घरों में ही बैठकर सांपला के टिकट कटने का गम मना रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस बात को भलीभांति भाजपा हाईकमान भी मान रही है कि सोम प्रकाश के साथ सांपला गुट चलने वाला नहीं है। और तो और हाईकमान को इस बात की भी चिंता सता रही है कि कहीं सांपला समर्थक अंदरखाते सोम प्रकाश की चुनावी गेम न बिगाड़ दें। इसीलिए हाईकमान ने एक नई रणनीति तैयार की है।
इसी के मद्देनजर तीक्ष्ण सूद गुट ने भाजपा हाईकमान से अनुरोध करके ऐसे नेताओं को दूसरे जिले में भेजना का अनुरोध किया है, जिनसे उन्हें भितरघात का डर है। भाजपा की फूट जगजाहिर है। भाजपा हाईकमान का मानना है कि अगर सांपला के समर्थक दूसरे जिलों में चले जाएंगे तो वे पार्टी का नुकसान नहीं कर पाएंगे।
सांपला के समर्थक सेतिया की ड्यूटी अमृतसर लगाई
हाईकमान ने सांपला के समर्थक माने जाने वाले कमलजीत सेतिया की ड्यूटी अमृतसर लगा दी है। सेतिया को साफ शब्दों में कहा गया है कि चुनाव तक वह अमृतसर में ही रहकर भाजपा के लिए काम करेंगे।
प्रचार में तीक्ष्ण सूद गुट ही सक्रिय
बता दें कि सोम प्रकाश को टिकट मिलने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद गुट ही सक्रियता से काम कर रहा है। बैठकों व चुनावी रैलियों में मैसेज देने के बावजूद सांपला गुट कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। यहां तक कि सांपला के जो समर्थक टिकट न मिलने तक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे, उनकी सक्रियता सोशल मीडिया पर भी न के बराबर हो गई है। ऐसे में तीक्ष्ण सूद गुट को चिंता है कि एक तो सांपला गुट भाजपा के लिए कोई काम नहीं कर रहा है, ऊपर से अंदरखाते सोम प्रकाश की चुनावी गणित भी खराब करेगा।





