मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत लखनऊ रोड हारीपुर स्थित एससीपीएम नर्सिंग कॉले

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत लखनऊ रोड हारीपुर स्थित एससीपीएम नर्सिंग कॉलेज में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपना नुमाइंदा चुनती है। हर किसी को सिर्फ एक वोट देने का अधिकार है, इसके जरिए हम राष्ट्र को मजबूत करने के साथ ही एक मजबूत सरकार बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान सभी को करना चाहिए।
पहले मतदान, फिर जलपान करें। युवाओं से मतदान का आह्वान करते हुए सीएमओ ने कहा कि खुद मतदान करें और बुजुर्ग, दिव्यांगों को बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें। कॉलेज की प्रबंध निदेशक अलका पांडेय ने कहा कि मतदान सबसे बड़ा हथियार है, इसका प्रयोग हर मतदाता को करना चाहिए। सीएमओ ने छात्रों को मतदान का संकल्प दिलाया। इस मौके पर स्वीप प्रभारी प्रदीप मिश्र, माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री विनय कुमार शुक्ल, अजिताभ दुबे, धीरज दुबे, मोनिका, अरुण कुमार मौजूद रहे। वहीं, सरकुलर रोड स्थित मीनाशाह डिग्री कॉलेज में शिक्षकों ने मतदान का संकल्प लिया। शैल उदय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पथवलिया के परिषदीय स्कूल में छात्रों को मतदाता जागरूकता का संकल्प दिलाया गया। प्रधानाध्यापक किरन सिंह, प्रधानपति भुवनेश्वर दुबे ने लोकतंत्र के महत्व को लेकर छात्रों को जानकारी दी। वजीरगंज शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाबा मेठिया में मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित कराई गई। छात्रों ने चूल्हा चौका बाद में जलेगा, सबसे पहले वोट पड़ेगा, सारा काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो, स्लोगन व पोस्टर के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। शिक्षक सुनील आनंद ने बच्चों को सम्मानित किया। इस मौके पर रुचि, चांदनी, प्रिया आनंद, कविता, माधुरी, ललिता, मनीष, काजल, आनंद प्रकाश, सिद्धार्थ, आदर्श मौजूद रहे।





