गर्मी बढ़ते ही बिजली कटौती में हुई बढ़ोतरी, उपभोक्ता त्रस्त

गर्मी बढ़ गई है। पारा बढ़ रहा है। ऐसे में लाइट की आवश्यकता बढ़ गई है लेकिन, पॉवर कारपोरेशन के अभियंता बिजली कटौती कर रहे हैं। शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं दी जा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है लेकिन, दो से तीन घंटे कटौती की जा रही है। रात व सुबह के समय बत्ती गुल रहती है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत की जाती है लेकिन, कुछ खास फर्क नहीं पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर में बत्ती काट दी जाती है। जबकि किसान काम निपटाकर दोपहर में ही आराम करते हैं। तब बिजली कटने से परेशानी होती है। बावजूद इसके लोगों की फिक्र नहीं है। विभागीय अफसर कागजों में आपूर्ति देने के दावे को सच मानकर बैठे हुए हैं। ऐसे में बिजली घरों पर मनमानी का खेल चल रहा है। लाइनों की पेट्रोलिग करने के आदेश पर अमल नहीं किया जा रहा है, जिससे लाइनों की फॉल्ट समस्या बढ़ी है। समय से फॉल्ट सही नहीं हो पाता है। मुख्य अभियंता बिजली आरके श्रीवास्तव ने बताया कि अभियंताओं को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक सप्लाई देने के निर्देश दिए गए हैं। कटौती को लेकर जानकारी की जा रही है।

Back to top button