बिजली के तार से स्पार्किंग के बाद छप्पर में लगी आग, सो रही महिला की जलकर हुई मौत

अचलगंज थानाक्षेत्र के तारगांव में बिजली के तार से स्पार्किंग के बाद छप्पर में आग लग गई। जलता छप्पर गिरने से नीचे सो रही महिला की जलकर मौत हो गई।
तारगांव निवासी विजय सिंह की 27 वर्षीय पत्नी प्रीती सिंह बुधवार देर रात छप्पर के नीचे सो रही थी। छप्पर पर ही बांस में बिजली का तार बंधा था। जिसमें स्पार्किंग होने से आग लग गई और छप्पर धू-धू कर जल उठा। सो रही प्रीती को जब तक पता चलता, जलता छप्पर उसके ऊपर ही आ गिरा। इधर आग की लपटें देख पति विजय की नींद खुली तो वह पत्नी को बचाने के लिए दौड़ा पर तब तक प्रीती की जलकर मौत हो चुकी थी।
उसे बचाने में पति विजय भी झुलस गया। पड़ोस में रहने वाले मामा की बेटी शालिनी की बरात आनी है, जिससे विजय की बहन के दो बेटे 10 वर्षीय प्रिंस व 10 माह का बबलू भी उसके घर में ही लेटे थे, जो आग में घिर गए। हालांकि ग्रामीणों ने पीछे की दीवार तोड़कर दोनों को बाहर निकाल कर उन्हें बचा लिया। सूचना पर दमकल व पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पा झुलसे पति को अस्पताल पहुंचाया।





