निराश हुए कप्तान श्रेयस बोले- ‘इससे बुरी हार नहीं हो सकती’

 किंग्स इलेवन के खिलाफ (KXIP) मिली हार से निराश दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि उनके पास इसका कोई जवाब नहीं है। आइपीएल (IPL) में सोमवार को खेले गए मैच में दिल्ली ने मात्र आठ रनों में सात विकेट खो दिए थे। इसके बाद दिल्ली ने जीता हुए मैच को 14 रनों से गंवा दिया। एक समय दिल्ली का स्कोर तीन विकटों पर 144 रन था, लेकिन 167 रनों का पीछा कर रही टीम 152 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में अय्यर ने कहा, ‘मैं क्या कहूं। यह मैच महत्वपूर्ण था और इस तरह की हार से टीम को कुछ हासिल नहीं होगा। यह बेहद निराशाजनक है। टीम लक्ष्य के करीब थी और हर बॉल पर एक रन ही चाहिए था। जीत के करीब आकर हार जाने से और निराशाजनक क्या हो सकता है। हमने समझदारी से नहीं खेला और पंजाब ने हर तरह से हमें हराया। पूरे मैच में पंजाब की टीम ने धैर्य दिखाया। हमारे बल्लेबाजों ने मैच जीतने के लिए नहीं खेला।’

पंजाब को मिली रोमांचक जीत पर कप्तान आर. अश्विन ने कहा कि टीम को इंतजार था कि रिषभ पंत एक गलती करें और हम उसका फायदा उठा सकें। उन्होंने कहा, ‘हर बार लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं होता और खासकर तब जब रिषभ पंत बड़े शॉट्स खेल रहे हों। हमें सिरफ धैर्य से खेलने की जरूरत थी। सारा श्रेय शमी और करन को जाता है। हमारा टीम टोटल 25 रन कम था। लक्ष्य का बचाव करने के लिए तीन स्पिनर्स को चुनने का फैसला सही साबित हुआ।’ 

Back to top button