लोकसभा चुनाव: 2004 में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकार्ड सज्जन कुमार के नाम, मिले थे इतने लाख मत

लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और सियासी दलों ने अखाड़े में उतारने के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करने शुरू कर दिए है ताकि उनके नाम पर ज्यादा से ज्यादा वोट लिए जा सके। हर कोई ज्यादा से ज्यादा वोट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहता है। लोकसभा चुनाव: 2004 में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकार्ड सज्जन कुमार के नाम, मिले थे इतने लाख मत

लोकसभा चुनावों में सबसे ज्यादा वोट लेने का राष्ट्रीय रिकार्ड कांग्रेस के सज्जन कुमार के नाम है। उन्होंने वर्ष 2004 के चुनाव में 8,55,550 मत हासिल कर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को हराया था। सज्जन कुमार वर्तमान में 84 दंगों के मामले में फिलहाल जेल में हैं।

लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद चुनावी नक्शे से गायब हुए बाहरी दिल्ली क्षेत्र से सज्जन कुमार ने यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने उस समय केंद्रीय मंत्री साहिब सिंह को करीब 2.5 लाख मतों से हराया था। 

अब तक देश में हो चुके 15 लोकसभा चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को इतने वोट नहीं मिले हैं। उस समय बाहरी दिल्ली में 35 लाख से अधिक मतदाता थे। अब संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या उससे आधी भी नहीं है इस कारण उनका यह रिकॉर्ड टूटने की संभावना न के बराबर है। 

दिल्ली राज्य स्तर पर भी कई रिकॉर्ड बने हुए हैं जो निकट भविष्य में टूटते दिखाई नहीं देते। दिल्ली में सबसे ज्यादा मत भले ही सज्जन कुमार के नाम है लेकिन सबसे ज्यादा अंतर से जीतने का रिकॉर्ड उनके राजनीतिक गुुरु एचकेएल भगत के नाम दर्ज है। 

भगत को वर्ष 1984 में इंदिरा लहर के दौरान पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में डाले गए मतों में से 76.95 प्रतिशत मत मिले थे। इस चुनाव में उन्होंने 3,17,700 मतों से जीत दर्ज की थी। दिल्ली में अभी तक कोई भी उम्मीदवार इतने अंतर से नहीं जीता है। यह अब तक का सबसे ज्यादा मत प्रतिशत है। 

दिल्ली में सबसे कम अंतर से जीतने का रिकॉर्ड भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नाम दर्ज है। नई दिल्ली सीट से उन्हें वर्ष 1991 में 620 मतों से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में अभिनेता से नेता बने कांग्रेस के राजेश खन्ना ने उन्हें कड़ी टक्कर दी थी। 

लोकसभा चुनाव में दिल्ली में अभी तक मत प्रतिशत के मामले में सबसे अधिक मतदान चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में हुआ है। यहां वर्ष 1977 में 82.98 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं सबसे कम मतदान का रिकॉर्ड बाहरी दिल्ली में वर्ष 1999 बना। यहां उस दौरान 41.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।

लोकसभा चुनावों के दौरान दिल्ली में रचे गए इतिहास

1. सबसे ज्यादा वोट प्राप्त : 8,55,550 मत- सज्जन कुमार (कांग्रेस), बाहरी दिल्ली, वर्ष 2004
2. सबसे ज्यादा मत प्रतिशत प्राप्त : 76.95 फीसदी – एचकेएल भगत (कांग्रेस), पूर्वी दिल्ली, वर्ष 1984
3. सबसे ज्यादा अंतर से जीत : 3,17,700 मत- एचकेएल भगत (कांग्रेस), पूर्वी दिल्ली, वर्ष 1984
4. सबसे कम अंतर से जीत : 620 मत- लालकृष्ण आडवाणी (भाजपा), नई दिल्ली, वर्ष 1991
5. सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत : 82.98 फीसदी – चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र, वर्ष 1977
6. सबसे कम मतदान प्रतिशत : 41.49 फीसदी  – बाहरी दिल्ली संसदीय क्षेत्र, वर्ष 1999

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button