अफगान में शांति के लिए अमेरिका से बातचीत को तालिबान ने गठित की नई टीम

अफगानिस्तान में युद्ध समाप्त करने के प्रयासों के तहत अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तालिबान ने 14 सदस्यों की नई टीम घोषित की है। यह टीम इसी महीने अमेरिकी प्रतिनिधि जालमे खालिजाद के साथ विचार-विमर्श करेगी। तालिबान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुल्ला अब्बास स्टानिकजई के पास है।अफगान में शांति के लिए अमेरिका से बातचीत को तालिबान ने गठित की नई टीम

अमेरिका की ग्वांटानामो खाड़ी की जेल में बंदी रह चुके पांच कैदी भी इस टीम में शामिल हैं, जिन्हें वर्ष 2014 में एक अमेरिकी सैनिक के बदले छोड़ा गया था। इसके अलावा जेल में बंद अनस हकानी को भी रखा गया है जो ताकतवर तालिबान गुट हकानी नेटवर्क के नेता का छोटा भाई है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहउल्ला मुजाहिद के अनुसार हकानी को बातचीत में शामिल करने के लिए रिहा किया जाना चाहिए।

उधर, अफगान नेताओं और यहां तैनात अमेरिकी कमांडरों से मुलाकात करने आए अमेरिका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री पैट्रिक शनाहान ने राष्ट्रपति अशरफ गनी से मुलाकात के दौरान कहा, ट्रंप प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि अफगानिस्तान का इस्तेमाल दोबारा आतंकवादियों के स्वर्ग के रूप में नहीं हो। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन के प्रवक्ता कमांडर सीआन रॉबर्टसन के अनुसार दोनों नेताओं के बीच दोनों देशों के हितार्थ रक्षा मुद्दों पर खुल कर विचार-विमर्श हुआ।

पेंटागन प्रमुख इराक पहुंचे 

पेंटागन प्रमुख पैट्रिक शनाहान मंगलवार को अफगानिस्तान से अचानक बगदाद पहुंच गए। वे इराक के पड़ोसी देश सीरिया से सेना की लगातार मौजूदगी और उसे हटाने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री आदिल अब्देल महदी और उच्च सैन्य सलाहकारों व कमांडरों से बातचीत करेंगे।

Back to top button