अखिलेश को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोका, पूर्वांचल में सपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह इलाहाबाद विश्वविद्यालय जाने से रोक दिया गया। जिसके बाद सपा के कार्यकर्ता भड़क गए। यह ज्वाला पूर्वांचल में भी भड़क गई है। जगह-जगह सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी फूंक रहे है। 
मंगलवार को अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि ‘एक छात्र नेता के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से सरकार इतनी डर रही है कि मुझे लखनऊ हवाई-अड्डे पर रोका जा रहा है!’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने आरोप लगाया कि ‘बिना किसी लिखित आदेश के मुझे एयरपोर्ट पर रोका गया। पूछने पर भी स्थिति साफ करने में अधिकारी विफल रहे। छात्र संघ कार्यक्रम में जाने से रोकना का एक मात्र मकसद युवाओं के बीच समाजवादी विचारों और आवाज को दबाना है।’
अखिलेश यादव ने कहा कि सच ये है कि सरकार छात्रों से डर गई है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चुनाव को सरकार अपने खुद के चुनाव की तरह ले रही थी और सरकार के मंत्री व नेता इसमें शामिल थे। जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्विद्यालय जाते होंगे तो छात्रों से किसी भी कीमत में चुनाव न हारने की बात कहते होंगे। इसके बाद भी जब चुनाव हार गए तो छात्रसंघ के अध्यक्ष के हॉस्टल में आग लगवा दी। यहां तक कि जब कार्यक्रम होने वाला था तब मंच के करीब बम फेंके गए। अखिलेश ने कहा कि अगर ये सब सरकार की मिलीभगत से हुआ। इसलिए आग लगाने व बम फेंकने वालों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
इसी क्रम में सोनभद्र के राबर्ट्सगंज बढौली चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क जाम कर विरेध प्रदर्शन कर रहे है। वहीं, चंदौली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद सपाजनों ने प्रदर्शन किया। सपाजन मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर बैठ गए। सकलडीहा में सपाजनों ने केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उधर, जौनपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर के सड़क जाम कर लिया। साथ ही कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। इस जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही जिससे मरीजों को परेशानी हुई।
मिर्जापुर में अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपाजनों ने भरूहना चौराहे पर जाम लगाया।
मऊ में सपाजनों ने बालनिकेतन चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही लोकतंत्र और तानाशाही के विरोध में कलेक्ट्रट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रकास बिंदु को सौंपा।
भदोही में भी सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहे पर जाम लगाया। आजमगढ़ में भी यही स्थिति रही। यहां पर सपा और बसपा दोनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, वाराणसी में मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। कलेक्ट्रेट के अंदर डीएम पोर्टिको पर सपाजनों प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए नारे लगाए। साथ ही लंका रोड पर सपा कार्यकर्ताओं ने सडक जाम कर दिया।





