SP-BSP गठबंधन पर शिवपाल ने साधा निशाना, कहा- ‘माया ने समाजवादियों का सम्मान नहीं, जुल्म ढाए हैं’

सपा-बसपा गठबंधन को ‘बेमेल’ बताते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने कभी समाजवादियों का सम्मान नहीं किया. उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख ने कभी समाजवादियों की इज्जत नहीं की. सपा-बसपा दोनों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन करने का फैसला निजी हितों का फैसला है और इस फैसले को लोग स्वीकार नहीं करेंगे.SP-BSP गठबंधन पर शिवपाल ने साधा निशाना, कहा- 'माया ने समाजवादियों का सम्मान नहीं, जुल्म ढाए हैं'

उन्होंने मंगलवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की प्रदेश कार्यकारणी की प्रथम बैठक में कहा कि सपा-बसपा यह बेमेल गठबंधन है, सच तो ये है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने कभी समाजवादियों का सम्मान नहीं किया बल्कि बसपा सरकार में तो उनपर भयानक जुल्म ढाए गए. सपा-बसपा गठबंधन स्वार्थहित में लिया गया फैसला है जिसका नतीजा चुनावी परिणाम में देखने को मिल जायेगा.

उन्होंने कहा कि यह सपा-बसपा गठबंधन पर जिन्हें अहंकार है, वह जल्द ही चकनाचूर हो जाएगा. भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि इन लोगों को जनता नकार चुकी है, बीजेपी सरकार और पीएम मोदी का इकबाल मर चुका है. उन्होंने कहा कि भाइयों-बहनों बोलने वाले नरेंद्र मोदी को कोई नहीं सुनना चाहता, देश विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है. आज के समय में किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक, युवा, महिलाएं, व्यवसायी सभी दुखी हैं लेकिन राजनीतिक पार्टियां सड़कों पर आने के बजाय बंगलों की राजनीति कर रही हैं.

शिवपाल यादव ने कहा कि हम समाजवादी लोग हैं, हमने आंदोलन कर हमेशा खुद को साबित किया है. संघर्ष के दम पर हमने सरकारें बदली हैं और सत्ता में भी आए हैं. आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जब से उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और मायावती की बसपा के बीच गठबंधन हुआ है, तब से शिवपाल यादव के रुख और भी तेज हो गया है. 

Back to top button