पाकिस्तान :फांसी की सजा वाले अपराधियों को आतंकी हमलों के लिए भेज रहा है भारत

नर्इ दिल्ली। पाकिस्तान फांसी की सजा अथवा अन्य संगीन अपराधों में उम्रकैद की सजा पाने वाले अपराधियों को आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए भारत भेज रहा है। कश्मीर में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान सरकार आतंकवादियों को पनाह कई रूपों में देती है। वहां की अदालतों में फांसी या उम्रकैद की सजा पाने वाले अपराधियों को यह कहकर भारत में घुसपैठ के लिए प्रेरित किया जाता है कि अगर वे हमलों को अंजाम देकर वापस आएंगे तो उनकी सजा माफ हो जाएगी और अगर इस दौरान मारे गए तो वे शहीद की श्रेणी में आएंगे। l_terrorism-1480851122

गरीबी और धार्मिक कट्टरता के कारण आतंकवाद में शामिल 

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने वाले आतंकवादियों से मिले दस्तावेजों का विश्लेषण करने के बाद इस बात का पता चला कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सजायाफ्ता अपराधियों को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए तरह-तरह के हथकंडों का इस्तेमाल कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि पकड़े गए आतंकवादियों ने पूछताछ में कई बार इस बात को स्वीकार किया कि वे गरीबी और धार्मिक कट्टरता के कारण आतंकवाद में शामिल हुए हैं। आतंकवाद का दामन थामने वाले युवाओं का मन मस्तिष्क इस प्रकार नियंत्रित किया जाता है कि उन्हें अपने मिशन के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता है। 

पाकिस्तानी सेना करती है सहयोग

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से लगातार घुसपैठ की कोशिश की जा रही हैं ,इसलिए नियंत्रण रेखा पर इन दिनों तनाव अधिक है। अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान की अग्रिम चौकियों पर लोगों की आवाजाही बढऩे से घुसपैठ की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों को पाकिस्तान सरकार अपनी अग्रिम चौकियों से आगे का मार्ग दिखाने का काम करती है। इससे साफ हो जाता है कि सीमा पार से जितने भी आतंकवादी भारत की सीमा में घुसपैठ की कोशिश करते हैं उनको वहां की सेना पूरा सहयोग करती है। 

ठंड के मौसम में बढ़ जाती है घुसपैठ

खुफिया एजेंसी तथा आतंकवादियों के बीच सांठगाठ के कारण ही आतंकवादी मंसूबों को अंजाम दिया जाता है। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में घुसपैठ की संख्या में वृद्धि हो जाती है। नियंत्रण रेखा के पास लगे कटीले तारों के बर्फ से ढक जाने के कारण आतंकवादियों की घुसपैठ की घटनाएं बढऩे की आशंका रहती है। उन्होंने माना कि भारत की ओर से अब करारा जवाब दिया जा रहा जिससे पाकिस्तान बौखला गया है। 

बौखला गया है पाकिस्तान

पाकिस्तान की बौखलाहट का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तान बौखलाहट में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे आर.एस.पुरा, अरनिया, सुचेतगढ़, अखनूर, रामगढ़ और अन्य कई सेक्टरों में नागरिक इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश करता रहता है। उन्होंने बताया कि सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान को करारा जवाब मिला है। 

 
 
 
Back to top button