ताज का दीदार करते हुए मालदीव के राष्ट्रपति ने पत्नी संग ली सेल्फी, देखें तस्वीरें

मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ ताजमहल का दीदार किया। वे लगभग एक घंटे तक ताज में रहे। उन्होंने ताजमहल को विश्व की सबसे खूबसूरत इमारत बताया। इस दौरान उन्होंने ताज के साये में अपनी पत्नी के साथ सेल्फी भी ली।
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह अपनी पत्नी के साथ भारत दौरे पर हैं। मंगलवार सुबह तकरीबन 11 बजे मालदीव के राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर खेरिया हवाई अड्डे पर उतरा। यहां उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुख्य सचिव अनूप चंद पांडेय और और डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने उनका स्वागत किया।
खेरिया हवाई अड्डे से राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह पत्नी के साथ सीधे ताजमहल पहुंचे। रॉयल गेट से ताज की झलक पाते ही वो खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने अपने मोबाइल से पत्नी के साथ सेल्फी ली। इस दौरान एएसआई के अफसरों से ताजमहल के बारे में जानकारी दी
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह और उनकी पत्नी ने ताज महल में सेंट्रल टैंक पर स्थित डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाए। यहां से वो काफी देर तक ताज को निहारते रहे। संगमरमरी ताज की खूबसूरती देख मोहम्मद सोलिह मंत्रमुग्ध नजर आए।
करीब एक घंटा ताजमहल में बीतने के बाद मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह होटल अमर विलास चल गए। यहां राज्य सरकार की ओर से उनको भोज दिया जाएगा। होटल में वो लगभग 95 मिनट करेंगे। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
मालदीव के राष्ट्रपति के विजिट के मद्देनजर ताजमहल में मंगलवार को पर्यटकों का प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक बंद रहा। उनके जाने के बाद आम पर्यटकों को ताजमहल में प्रवेश दिया गया।