सिर्फ एक सेकेंड के लिए मिला था PAK आर्मी चीफ से गले, यह कोई राफेल डील नहीं थी : सिद्धू

लाहौर : नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर पाक आर्मी चीफ जनरल बाजवा से गले लगने का बचाव किया है. नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि वह पाक आर्मी चीफ से सिर्फ एक सेकेंड के लिए गले मिले थे. यह कोई राफेल डील नहीं थी. नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि जब दो पंजाबी मिलते हैं तो वे एक दूसरे को गले लगाते हैं. पंजाब में यह एक आम बात है. 

सिद्धू ने कहा कि मैं समझता हूं कि करतापुर कॉरिडोर दोनों देशों के बीच एक पुल का काम करेगा और दुश्मनी को मिटाएगा. उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर लोगों से लोगों के बीच संपर्क को बढ़ाएगा. यह मेरा विश्वास है कि इसमें संभावनाएं हैं. सिद्धू ने कहा कि यह कॉरिडोर अपार संभावनाओं, शांति और समृद्धि का कॉरिडोर है.

बता दें सोमवार को उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने करतारपुर साहिब गलियारे की आधारशिला रखी थी.   सिख श्रद्धालुओं के लिए इस गलियारे के रास्ते पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब जाना सुगम हो जाएगा. गौरतलब है कि रावी नदी के तट पर स्थित इस गुरुद्वारे का सिखों के लिए बहुत महत्व है क्योंकि पंथ के पहले गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 18 साल यहां गुजारे थे.

बता दें पंजाब मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा था कि मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के करतारपुर गलियारे के शिलान्यास समारोह के लिए पाकिस्तान जाने का फैसला ‘उनकी सोच’ है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह खुद पाकिस्तान नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा था कि कहा कि उनके द्वारा (पाकिस्तान) भारतीय सैनिकों और नागरिकों को मारा जा रहा है तो ऐसे में वह ऐसा करने के बारे नहीं सोच सकते है।

Back to top button