बच्चों के लिए सुरक्षित व सुखमय विश्व व्यवस्था बनाना ही हमारा मकसद : न्यायविदों की आम राय

‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 19वाँ अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ प्रारम्भ, सीएम योगी ने 71 देशों से आये न्यायविदों को दिया रात्रिभोज

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तत्वावधान में आयोजित ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के 19वें अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ में पधारे न्यायविदों, कानूनविदों व अन्य प्रख्यात हस्तियों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक स्वर से कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित व सुखमय विश्व व्यवस्था बनाना ही हमारा मकसद है और इसी उद्देश्य हेतु हम यहाँ एकत्रित हुए हैं। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में 19 देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गवर्नर-जनरल, पार्लियामेन्ट के स्पीकर, न्यायमंत्री, इण्टरनेशनल कोर्ट के न्यायाधीश एवं विश्व प्रसिद्ध शान्ति संगठनों के प्रमुखों समेत 71 देशों के 370 से अधिक मुख्य न्यायाधीश, न्यायाधीश व कानूनविदों प्रतिभाग कर रहे हैं। न्यायविदों का कहना था कि विश्व के दो अरब बच्चों को सुरक्षित भविष्य का अधिकार दिलाना एक ऐसा मुद्दा है जो विश्व में एकता, शान्ति व सौहार्द की स्थापना से ही संभव है। अतः प्रभावशाली अन्तर्राष्ट्रीय कानून व्यवस्था विश्व समुदाय के लिए एक अनिवार्य आवश्यकता है। इस दिशा में सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा आयोजित यह अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन निश्चित ही एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो अवश्य फलीभूत होगा। विदित हो कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तत्वावधान में 16 से 20 नवम्बर तक आयोजित ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 19वाँ अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ आज से सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में प्रारम्भ हो गया।

प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से बातचीत करते विभिन्न देशों के राष्ट्रप्रमुखों व न्यायविद्ों ने विश्व के ढाई अरब बच्चों के सुरक्षित भविष्य हेतु सी.एम.एस. की पहल की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि इस अर्न्तष्ट्रीय सम्मेलन के माध्यम से सीएमएस विश्व के बच्चों के लिए एक नया भविष्य निर्मित कर रहा है साथ ही साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी नये आयाम स्थापित कर रहा है। न्यायविद्ों का कहना था कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है दुनिया के देशों में एकता की। हम केवल अपने बारे में न सोचें बल्कि अपने पड़ोसी के बारे में भी सोचें। अब समय आ गया है कि सारा संसार एक अन्तर्राष्ट्रीय कानून व्यवस्था में बँध जाये तभी विश्वव्यापी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है। देश-विदेश से पधारे सभी न्यायविदों, कानूनविदों व अन्य प्रख्यात हस्तियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व अन्तर्राष्ट्रीय मुख्य न्यायाधीश सम्मेलन के संयोजक डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि पूरे विश्व से पधारे न्यायमूर्तियों ने आज यह अहसास करा दिया है कि मानवता को विनाश से बचाने के लिए ‘विश्व एकता व विश्व शान्ति’ के अतिरिक्त अन्य कोई विकल्प शेष नहीं है।

सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि विभिन्न देशों से पधारे अतिथियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास, 5 कालीदास मार्ग पर रात्रिभोज दिया। मुख्यमंत्री की सद्भावना को सभी आमन्त्रित अतिथियों ने सराहा तथापि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इससे पहले, ये सभी सम्मानित अतिथियों ने नवनिर्मित हाईकोर्ट परिसर का अवलोकन किया। श्री शर्मा ने बताया कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन का विधिवत् उद्घाटन कल 17 नवम्बर, शनिवार को प्रातः 9.00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे जबकि समारोह की अध्यक्षता प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित करेंगे।

Back to top button