कंबोडिया नरसंहार : 20 लाख लोगों की मौत के मामले में दो नेता दोषी करार, सजा मिली उम्रकैद

नोम पेन्ह : कंबोडिया की एक अदालत ने दशकों पुराने नरसंहार के मामले में ख्मेर रूज शासन के दो शीर्ष नेताओं को शुक्रवार को दोषी ठहराया. बर्बर शासन लगभग 40 साल पहले खत्म हो गया था.
जिन नेताओं के खिलाफ फैसला आया है वह हैं रूज शासन के प्रमुख रह चुके ही सेम्फान (87) और नुओन चिआ (92).
इस कट्टर माओवादी समूह ने 1975 से 1979 के बीच कंबोडिया का नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया था. वह दोनों इस समूह के सबसे उम्रदराज नेता हैं. इस शासनकाल के दौरान अत्यधिक काम, भुखमरी और बड़े पैमाने पर लोगों को फांसी देने के चलते करीब 20 लाख लोगों की मौत हो गई थी.
इससे पहले दोनों नेताओं को वर्ष 2014 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. शुक्रवार को भी दोनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई. उनकी दोनों ही सजा साथ-साथ चलेगी.





