जम्मू-कश्मीर : शोपियां में एएसपी दफ्तर समेत 2 स्थानों पर आतंकी हमला, जैश ने ली हमले की जिम्मेदारी

शुक्रवार शाम करीब पौने सात बजे आतंकियों ने जिले के गागरन इलाके में एएसपी के दफ्तर पर हमला किया। उन्होंने दफ्तर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वहां तैनात जवानों ने जवाबी कार्रवाई की तो आतंकी भाग निकले। इससे पहले आतंकियों ने मंत्रिबुग इलाके में सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कैंप पर दोपहर बाद हमला किया था। कैंप पर फायरिंग के बाद आतंकी पास के बगीचे में भाग निकले। सूत्रों के अनुसार हमले में एक जवान को मामूली चोटें आई हैं।
त्राल हमले की जैश ने ली जिम्मेदारी
पुलवामा जिले के त्राल इलाके के लुरगाम में वीरवार को सेना के कैंप पर किए गए हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली है। जैश प्रवक्ता मोहम्मद हसन ने एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को दिए बयान में हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि हमले में सेना के तीन जवान मारे गए। ज्ञात हो कि हमले में सेना के जवान नगम सियामलियाना शहीद हुए थे।





