आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलेंगे नीतीश कुमार, होगी सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा

अगले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा और जदयू के बीच बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही गहमागहमी अब जल्द ही खत्म हो सकती है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार की शाम दिल्ली पहुंचे हैं और आज वो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में एनडीए के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा होगी। 
जदयू सांसद रामचंद्र प्रसाद सिंह ने हाल ही में कहा था कि एनडीए के बीच सीट बंटवारे पर फैसला हो चुका है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जदयू ने बिहार की सभी 40 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था, जिसमें वो मात्र दो सीटें ही जीत पाई थी और अन्य सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत ही जब्त भी गई थी। वहीं, भाजपा ने इन चुनावों में 22 और उसके गठबंधन सहयोगियों में लोजपा ने 6 व रालोसपा ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
हालांकि, उससे पहले 2009 के लोकसभा चुनाव में जदयू और भाजपा एकसाथ चुनाव लड़े थे। जदयू 25 और भाजपा 15 सीटों पर मैदान में उतरी थी। तब नीतीश कुमार का बिहार में जलवा था। उस समय जदयू ने कुल 20 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 12 सीटें मिली थी।





