ट्रंप ने भारतीय मूल के इस अमेरिकी शख्स को बनाया एफईआरसी का प्रमुख किया नियुक्त

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमेरिकी नील चटर्जी को संघीय ऊर्जा नियामक आयोग (एफईआरसी) का प्रमुख नियुक्त किया। यह एजेंसी अमेरिका के पावर ग्रिड और कई अरब डॉलर की ऊर्जा परियोजनाओं की निगरानी का काम करती है।
व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा है, ‘ट्रंप ने नील चटर्जी को संघीय ऊर्जा नियामक आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया है।’ चटर्जी वर्तमान में एफईआरसी के तीन आयुक्तों में से एक हैं।
बता दें कि यह दूसरा मौका है जब चटर्जी को इस प्रतिष्ठित एजेंसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह मैकइनटायर के पद संभालने से पहले 10 अगस्त, 2017 से सात दिसंबर के मध्य तक इस पद पर थे।
गौरतलब है कि चटर्जी के माता-पिता करीब 50 साल पहले कोलकाता से अमेरिका जाकर बस गए थे। लेक्सिंगटन, केंटकी के रहने वाले चटर्जी ने सेंट लॉरेंस विश्वविद्यालय और यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी के कॉलेज ऑफ लॉ से शिक्षा हासिल की है।





