रूठे नेताओं को मनाने के लिए भाजपा ने उठाया ये बड़ा कदम…

देहरादून: भाजपा के महापौर पद का प्रत्याशी घोषित होने के बाद टिकट न मिलने से खफा पार्टी के कुछ बड़े नेताओं को मनाने का काम शुरू हो गया है। सुनील उनियाल गामा रूठे नेताओं को मनाने उनके घर पहुंचे। इस दौरान गामा ने चुनाव में सहयोग देने के साथ ही प्रचार में उतरने की अपील की। इधर, महानगर दफ्तर पहुंचने पर गामा का युवा मोर्चा समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

भाजपा महापौर प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा टिकट फाइनल होते ही रात किसी शादी समारोह में शामिल हुए। सुबह उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इसके बाद गामा भाजपा महानगर कार्यालय पहुंचे। यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा, पूर्व पार्षद और वर्तमान में दावेदारी कर रहे पार्षद प्रत्याशियों ने उनका स्वागत किया। 

यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद वह तिलक रोड स्थित आरएसएस दफ्तर पहुंचे। यहां संघ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद पूर्व महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, पुनीत मित्तल और अनिल गोयल के घर पहुंचे। जहां गामा ने तीनों नेताओं से लंबी चर्चा कर सहयोग की अपेक्षा की। इस दौरान तीनों नेताओं ने महानगर दफ्तर में होने वाली बैठक में शामिल होने का भरोसा दिया है।

Back to top button