गांधी जयंती पर पैदल चाल प्रतियोगिता के खिलाड़ियों का होगा सम्मान

लखनऊ। राजधानी में गांधी जयंती पर मंगलवार को कई जगह खेलकूद का आयोजन किया जा रहा है। सबसे बड़ा आयोजन रश्मिखण्ड, शारदानगर में होगा। यहां छाबड़ा मार्बल से पैदल चाल प्रतियोगिता होगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य सरकार की मंत्री स्वाति सिंह होंगी। इस प्रतियोगिता में हर आयु वर्ग के महिला व पुरुष, बालक व बालिकाओं की प्रतियोगिता होगी। इस मौके पर अर्जुन पुरस्कार विजेता विजय सिंह चौहान, गुलाब चंद, साई की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रचना गोविल, अंतरराष्ट्रीय धावक भुवन सिंह, रचना सिंह व पुष्पा मिश्रा समेत कई लोगों का सम्मान किया जाएगा। महाराणा प्रताप उन्नयन समिति के महासचिव नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह सात बजे शुरू होगी।
ला मार्टिनियर पर क्रासकंट्री दौड़
मानसरोवर क्लब की तरफ से ला मार्टिनियर कॉलेज के पोलो ग्राउण्ड से गांधी जयंती पर राजधानी की सबसे पुरानी क्रासकंट्री दौड़ शुरू होगी। क्लब के सचिव मोती लाल ने बताया कि इस में राज्य भर से एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। हर वर्ग में पहले छह स्थानों पर रहने वाले एथलीटों को पुरस्कृत किया जाएगा।
पैदल चाल प्रतियोगिता
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय की तरफ से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में पैदल चाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें हर आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। हिस्सा लेने के इच्छुक बाबू स्टेडियम में सुबह 6.30 बजे रिपोर्ट करें।





