बालिका गृह कांड की जांच करने वाली महिला SSP का हुआ तबादला

बिहार में शनिवार को हुए बड़े पुलिस व प्रशासनिक फेरबदल में मुजफ्फरपुर की एसएसपी हरप्रीत कौर का भी तबादला कर दिया गया। उन्हें समस्तीपुर भेजा गया है। हरप्रीत कौर की चर्चित मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण कांड की परतें उतारने व मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की गिरफ्तारी में बड़ी भूमिका रही। उनके तबादले पर राजनीति तेज होती दिख रही है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि हरप्रीत कौर को नीतीश कुमार के लाड़ले ब्रजेश को जेल में डालने की सजा मिली है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुज़फ्फरपुर बालिका गृह कांड में 34 लड़कियों के संस्थागत बलात्कार के मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर को जेल की हवा खिलाने वाली एसपी हरप्रीत कौर का नीतीश कुमार ने तबादला कर दिया है। इसका कारण यह है कि उन्होंने नीतीश कुमार के दुलारे-प्यारे, लाड़ले ब्रजेश ठाकुर को जेल में डाला था।
ईमानदार अफसरों काे चैन नहीं
अपने एक अन्य ट्वीट में तेजस्वी लिखते हैं कि नीतीश कुमार उस वक्त हरप्रीत कौर का तबादला नहीं कर सकते थे, क्योंकि सबकी नजरें थीं। नीतीश कुमार ईमानदार अफसरों काे चैन से नहीं रहने देते। जो आरसीपी टैक्स नहीं देता है, उसे वे फुटबॉल बना देते हैं। सृजन घोटाले में भी ऐसे ही हुआ। नीतीश कुमार राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह हैं।





