लखनऊ पुलिस की गुंडई, गाड़ी नहीं रोकी तो पुलिस ने चलाई गोली, एप्पल के मैनेजर की हुई मौत
लखनऊ पुलिस की गुंडई शनिवार तड़के एक युवक पर भारी पड़ गई। पुलिसकर्मियों के इशारे पर उसने गाड़ी नहीं रोकी सिपाही ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे युवक के सिर में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। कार में मौजूद युवक के महिला मित्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला मित्र को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
गोमतीनगर विस्तार के सीएमएस स्कूल के पास शुक्रवार रात करीब ढाई बजे एक कार खड़ी थी। उसी दौरान पुलिस बाइक पर सवार होकर गोमतीनगर थाने में तैनात सिपाही प्रशांत चौधरी और एक अन्य सिपाही वहां पहुंचे। दोनों ने कार में एक युवक और युवती को देखा तो मामला संदिग्ध समझ उनसे पूछताछ के लिए कार के पास पहुंचे। इतने में ही कार चला रहे विवेक तिवारी ने गाड़ी बढ़ा दी।
आरोप है कि पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो युवक ने कार चढ़ाने की कोशिश की। इससे सिपाहियों को चोट आई और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर भी जब कार नहीं रुकी तो सिपाही प्रशांत चौधरी ने फायरिंग कर दी। गोली सीधे जाकर विवेक के सिर में लगी। कुछ दूरी पर गाड़ी एक दीवार से टकराकर रुक गई।





