पाकिस्तान एशिया कप से हुआ बाहर, बांग्लादेश-भारत के बीच होगा फाइनल मुकाबला
अबु धाबी: एशिया कप के आखिरी सुपर 4 मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 37 रनों से हरा कर यह मैच जीता. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को जीत के लिए 240 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन पाकिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 202 रन ही बना सकी. अब फाइनल में बांग्लादेश का मुकाबला भारत से होगा. 
पहले तीन विकेट जल्दी गंवाने के बाद पाकिस्तान की पारी को इमाम उल हक ने शोएब मलिक के साथ आगे बढ़ाया और टीम का स्कोर 85 रन कर कर दिया जब शोएब मलिक को रुबैल ने 30 के निजी स्कोर पर आउट किया. इसके बाद शादाब खान भी जल्दी आउट हो गए. फिर इमाम उल हक ने आसिफ अली के साथ पाकिस्तान का स्कोर 165 रन कर वापसी की.
इमाम उल हक का विकेट रहा टर्निंग पाइंट
आसिफ अली 40वें ओवर में 31 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद 41वें ओवर में इमाम उल हक 83 रन बनाकर मेहमूदुल्लाह की गेंद पर आउट हो गए. उन्हें लिटन दास ने स्टंप आउट किया. इमाम पाकिस्तान के 7वें विकेट के रूप में आउट हुए. उनके आउट होने के बाद बांग्लादेश की जीत एक तरह से निश्चित हो गई. इमाम के आउट होने के बाद मोहम्मद नवाज (8) और हसन अली (8) ज्यादा देर टिक नहीं सके.
पाकिस्तान की शुरुआत बांग्लादेश की ही तरह खराब रही. पहले ही ओवर में मेंहदी हसन ने फखर जमा को 1 रन के निजी और पाकिस्तान के 2 रन के स्कोर पर आउट कर दिया. इसके बाद अगले ही ओवर में मुस्ताफीजुर ने बाबर आजम को आउटकर पाकिस्तान को बड़ा झटका दे दिया. बाबर आजम केवल 1 रन बना सके. इसके बाद जब कप्तान सरफराज और इमाम उल हक ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की ही थी कि कप्तान सरफराज अहमद मुस्ताफीजुर के शिकार बन 10 रन बनाकर आउट हो गए.
239 रन बनाए थे बांग्लादेश ने
इस करो या मरो मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को जीत के लिए 240 रनों का लक्ष्य दिया. इस पारी में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की और बांग्लादेश को बड़ा स्कोर बनाने से रोका. शुरुआत में 12 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी बांग्लादेश की टीम को मुश्फिकुर रहीम (99) और मोहम्मद मिथुन (60) ने उबारा और टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया. लेकिन अंतिम ओवरों में बांग्लादेश के बाकी बल्लेबाज टीम का स्कोर 250 से पार करने में नाकाम रहे.
पाकिस्तान के लिए सबसे सफल गेंदबाज जुनैद खान रहे. उन्होंने 9 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए. उनके अलावा शाहीन अफरीदी और हसन अली ने दो-दो और शादाब खान ने एक विकेट लिया.
पहले तीन विकेट केवल 12 रन पर गंवाए थे
एक समय तक बांग्लादेश के पहले तीन विकेट केवल 12 रन पर आउट हो गए थे. उसके बाद मुश्फिकुर रहीम और मोहम्मद मिथुन ने टीम को संकट से उबारा और चौथे विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की. दोनों की साझेदारी हसन अली ने तोड़ी. अली ने मिथुन को 60 के निजी स्कोर पर आउट किया. मिथुन ने 84 गेंदों पर चार चौकों के साथ 60 रनों की पारी खेली. इसके बदा दो ओवर के अंदर ही इमरुल कायेस काएस 9 रन बनाकर शादाब खान का शिकार बने. पारी के 42वें ओवर में मुश्फिकुर अपना शतक बनाने से चूक गए जब 99 के निजी स्कोर पर शाहीन अफरीदी ने कप्तान सरफराज अहमद के हाथों कैच आउट करा दिया. इस समय तक मुश्फिकुर टीम का स्कोर 197 तक पहुंचा चुके थे.





