शेल्टर होम से गायब 3 बच्चों के मामले में पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मुकदमा

कानपुर के राजीव विहार नौबस्ता स्थित सुभाष चिल्ड्रेन शेल्टर होम से तीन बच्चे लापता होने की रिपोर्ट मंगलवार को दर्ज कराई गई। ‘अमर उजाला’ में मामला प्रकाशित होने के बाद नौबस्ता पुलिस ने अधीक्षिका से तहरीर लेकर अपहरण में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि अधीक्षिका ने इससे पहले रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोई अर्जी नहीं दी थी।शेल्टर होम से गायब 3 बच्चों के मामले में पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मुकदमा

अमर उजाला में मामला प्रकाशित होने के बाद एसएसपी अनंत देव ने सीओ गोविंद नगर और नौबस्ता थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष को बुलाकर मामले की जानकारी ली। बताया गया कि अधीक्षिका ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं दी है। इसके बाद प्रभारी थानाध्यक्ष ने अधीक्षिका से तहरीर देने को कहा। अधीक्षिका संजुला पांडेय ने 14 सितंबर की पुरानी तारीख डालकर तहरीर दी। इस पर उनसे मंगलवार की तारीख में तहरीर देने को कहा गया। बाद में बदलकर तहरीर दी गई।

इसमें कहा गया है कि 10 अक्तूबर 2017 को शेल्टर होम में आया गोलू उम्र 11 साल पुत्र प्रभु चौधरी निवारी पटना बिहार, 21 जुलाई 2017 से रह रहा राहुल पांडेय उम्र 10 साल पुत्र स्व. श्याम नारायण निवासी वाराणसी और 16 अप्रैल 2018 से शेल्टर होम में रह रहा उत्तम उम्र आठ साल पुत्र जित्तन निवासी बोखरी बिहार नौ सितंबर 2018 की सुबह अपने बिस्तरों पर नहीं पाए गए। इसकी सूचना 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद नौबस्ता थाने और यशोदा नगर चौकी से पुलिस विजिट करने आई। 25 सितंबर तक बच्चों का कोई पता नहीं चला है। इसलिए रिपोर्ट दर्ज की जाए। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट आईपीसी की धारा 363 (अपहरण) में दर्ज की गई है।

यह है मामला 
डीएम के आदेश पर राजीव विहार स्थित सुभाष चिल्ड्रेन विशेष दत्तक ग्रहण इकाई और शेल्टर होम की 14 सितंबर को एसीएम 1, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जांच की थी। रजिस्टर में कुल 28 बच्चे अंकित थे पर 24 ही मिले थे। तब बताया गया था कि एक बच्चे को अभिभावक ले गए हैं और तीन गायब हैं। जिसकी पुलिस में शिकायत की गई थी। लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी शिकायत से इनकार कर दिया था। मामला उजागर हुआ तो अब रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

Back to top button