कैबिनेट बैठक : सीएम योगी आज राजा भैया के गढ़ को दे सकते हैं ये बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली प्रदेश कैबिनेट मंगलवार को निर्दल विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ के विधानसभा क्षेत्र कुंडा को गंगा नदी पर सेतु के अलावा कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है।
सूत्रों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में गंगा सेतु (करेंती घाट सेतु), पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 248.89 करोड़ रुपये का प्रस्ताव ला रहा है। व्यय वित्त समिति इसका अनुमोदन दे चुकी है।
इसके अलावा सीतापुर में 42.60 किमी. लंबे सिधौली-मिश्रिख-पिसावां-नेरी मार्ग के सिधौली से कल्ली होते हुए नैमिषारण्य मार्ग के किमी. 134 तक दो लेन से पेव्ड शोल्डर, चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण केलिए पैसेंजर कार यूनिट के मानक में शिथिलीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी जा सकती है।
स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग व मुख्य लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समितियां एवं पंचायतें जिन संस्थाओं की ऑडिट करती हैं, उनसे ऑडिट शुल्क लेती हैं। वित्त विभाग ऑडिट कराने वाली संस्थाओं से लिए जाने वाले शुल्क को समाप्त करने का प्रस्ताव ला रहा है। यूपी अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दंड एवं अपील) नियमावली में तीसरा संशोधन भी प्रस्तावित है।





