सांगवान ने मलिक को चेतावनी और कहा- हिम्मत है तो 16 से आंदोलन करके दिखाएं

भिवानी। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व कमांडेंट हवा सिंह सांगवान ने कहा कि यशपाल मलिक जाट समाज के साथ फिर से धोखा करने की तैयारी में हैं। उनमें हिम्मत है तो इस बार 16 अगस्त से आंदोलन करके दिखाएं। वह यहां जाट धर्मशाला में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।सांगवान ने मलिक को चेतावनी और कहा- हिम्मत है तो 16 से आंदोलन करके दिखाएं

उन्होंने कहा कि यशपाल मलिक ने मार्च 2017 व फरवरी 2018 में सरकार के साथ जो समझौते किए वह सरकार से मिलकर जाट समाज से धोखा करने की साजिश थी। लोगों पर आरक्षण आंदोलन में जो केस बने थे वे आज तक वापस नहीं हुए। एक केस उन पर बना था वह ही वापस हुआ है। सांगवान ने कहा कि कैप्टन अभिमन्यु का घर जलाने की जांच में सीबीआइ रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो चुका है कि इसके पीछे लोगों को भड़काने में किसका हाथ था। सैकड़ों युवकों का भविष्य खराब किया जा रहा है। इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं, इस बारे में समझा जा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जाटों को बरगलाने वाले मलिक हमारे समाज व खापों में फूट डालने का काम कर रहे हैं। यही वजह है कि प्रदेश में कई खापों के दो-दो अध्यक्ष हो गए हैं। सांगवान ने मलिक को चेताया कि उनमें हिम्मत है तो 16 अगस्त से आंदोलन करके दिखाएं। उनके संगठन का 7 मई से जींद में धरना चल रहा है। हमने फैसला लिया है कि 13 सितंबर को शहीदी रैली करके उसमें आगे की नीति तैयार की जाएगी और हम हर हालत में स्टेट और केंद्र में आरक्षण लेकर रहेंगे।

हम हर हाल में करेंगे आंदोलन

उधर, यशपाल मलिक ने फोन पर दैनिक जागरण से कहा कि हम आंदोलन हर हाल में करेंगे। इसका तरीका क्या होगा यह जानकारी 12 अगस्त को देंगे। हमने सभी आंदोलन शांतिपूर्वक किए है। अब से पहले जितने समझौते हुए हवा सिंह ने सभी बंद कमरे में किए हैं। आज भी वह कैप्टन अभिमन्यु व धनखड़ से पैसे लेकर बयान दे रहे हैं। उन्होंने सन 2011 से 14 तक कांग्रेस से पैसे लेकर खाए। पहले हवा सिंह लोगों को भड़काता था और मुख्यमंत्री को पंजाबी बताता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। 13 फरवरी 2016 को धनखड़ से समझौता कर लिया। 2016 की हिंसा हवा सिंह के भड़काने पर हुई थी।

यशपाल मलिक पर होगी कार्रवाई : प्रो. रामबिलास

रोहतक में प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि जाट आरक्षण की आड़ में हरियाणा किसने जलवाया इसकी पुष्टि वायरल हुए ऑडियो से हो गई थी। जिन लोगों ने प्रदेश को हिंसा की आग में डालने का काम किया, उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। यशपाल मलिक पर देशद्रोह का केस दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तार नहीं करने के सवाल पर कहा कि शीघ्र यशपाल मलिक पर कार्रवाई होगी। वह शनिवार को तिलियार पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

Back to top button