बीजेपी का तीखा प्रहार: PDP के साथ सरकार बनाकर भाजपा पी रही थी जहर का घूंट

जम्मू । सरकार गिरने के बाद कड़े तेवर दिखा रही भाजपा ने स्पष्ट किया कि पीडीपी के साथ सरकार बनाकर असल में तो भाजपा जहर का घूंट पी रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के बयान पर पलटवर करते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने कहा कि पीडीपी के देश के हितों को नुकसान पहुंचाता देखकर ही सरकार गिराई थी।

पीडीपी सांसद का बयान देश के खिलाफ है लिहाजा लोकसभा की स्पीकर को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा ने जनआकांक्षाएं पूरी करने के लिए गठबंधन किया था। कानून एवं व्यवस्था हो या फिर राष्ट्रीय सुरक्षा, महबूबा मुफ्ती हर जगह नाकाम रही, ऐसे में जब भाजपा के लिए और जहर बर्दाश्त करना संभव नहीं हुआ तो पार्टी ने सत्ता छोड़ दी।

फारूक अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती के लगातार पाकिस्तान से कश्मीर पर बातचीत की पैरवी करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ऐसे बयान तर्कहीन हैं। दोनों देशों में कोई मुद्दा है तो वह पाकिस्तान के कब्जे वाला गुलाम कश्मीर है। इसे वापस लेने के लिए संसद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पारित किया है।

सेठी ने कहा कि महबूबा कश्मीर के लोगों को भड़काने के लिए ही 35 ए का मुद्दा उठा रही है। इस मुद्दे पर बयानबाजी कानून के खिलाफ है क्योंकि यह मामला न्यायालय के विचाराधीन है। 

Back to top button