तीरथ सिंह रावत ने कहा- भ्रष्टाचार रोकने में सफल रही भाजपा सरकार
रामनगर, नैनीताल: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार रोकने में कामयाब हुई है। राज्य के किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। एनएच घोटाले में 22 आरोपितों को जेल भेजकर भ्रष्टाचारियों को कड़ा संदेश दिया गया है।
लोनिवि के विश्राम गृह में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि 60 वर्षों तक देश का विकास करने में अक्षम रहने वाला विपक्ष आज सरकारी योजनाओं को बाधित करने का प्रयास कर रहा है। जिस देश में जनता के लिए शौचालय, गरीबों के लिए बिजली व एलपीजी गैस की सुविधा नहीं थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने उन तक ये सभी सुविधाएं पहुंचाईं। उन्होंने कहा कि 2019 तक सभी गांव को पूरी तरह विद्युतीकरण कर दिया जाएगा। भाजपा सरकार की इस सफलता से विपक्ष बौखला कर अनर्गल बातें कर रहा है।