पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा- आयोगों में राज्यवासियों की हो रही उपेक्षा

देहरादून: प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के प्रवक्ता व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मुलाकात कर राज्य में विभिन्न आयोगों व गैर सरकारी पदों पर राज्य निर्माण सेनानियों को मौका देने की मांग की। पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा- आयोगों में राज्यवासियों की हो रही उपेक्षा

वरिष्ठ कांग्रेस नेता किशोर उपाध्याय ने काबीना मंत्री मदन कौशिक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए प्रदेश के आम जन से लेकर राज्य कर्मचारियों व बुद्धिजीवियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। राज्य बनने के बावजूद उक्त लोगों को उनकी योग्यता व क्षमता के मुताबिक विभिन्न स्तर पर राज्य की सेवा करने का मौका नहीं मिल सका। 

उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि सरकार राज्य के लोगों की सोच व मांग के अनुरूप काम करेगी। लेकिन राज्य की प्रतिभाओं को मौका देने के बजाय उच्च पदों पर राज्य के वरिष्ठ नौकरशाहों या बाहरी लोगों को मौका दिया जा रहा है। 

ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड में हर क्षेत्र में प्रतिभाएं मौजूद हैं। राज्य के लोग देश में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं। यह खेद का विषय है कि विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके उत्तराखंडियों को राज्य में ही उच्च पदों पर काम करने के योग्य नहीं समझा जा रहा है। राजनीतिक जोड़तोड में माहिर लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में जोत सिंह बिष्ट, मथुरादत्त जोशी, संजय भट्ट, परिणिता बडोनी व शांति रावत शामिल थे।

Back to top button