बेंगलुरु में मर्डर केस को लेकर गरमाई राजनीति, भाजपा ने युवक को बताया पार्टी वर्कर

कर्नाटक के बेंगलुरु में एक हत्या मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। मारे गए 28 वर्षीय शख्स को भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ता बताकर हलचल मचा दी है। वहीं आज पुलिस ने इस संबंध में कहा कि एक समूह द्वारा शख्स की हत्या कर दी गई और इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

बुधवार रात संतोष नामक शख्स एक पार्टी से अपने घर लौट रहा था, तभी चार सदस्यों के एक समूह ने उस पर हमला बोल दिया। पुलिस ने बताया कि पुरानी दुश्मनी को लेकर उसकी हत्या हुई है और फिलहाल अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
इस बीच, भाजपा की कर्नाटक इकाई ने दावा किया है कि संतोष उनका पार्टी कार्यकर्ता था और घटना तब हुई जब वह चार फरवरी को पीएम मोदी के शहर में दौरे को लेकर चेनप्पा गार्डेन इलाके में पार्टी का झंडा और पर्चियां लगा रहा था। भाजपा ने संतोष की मौत पर दुख जताते हुए यह सवाल भी किया कि आखिर कब कर्नाटक में इस तरह की हिंसा पर रोक लगेगी। कर्नाटक भाजपा ने एक ट्वीट में कहा कि संतोष का शव बेंगलुरु के पास जेसी नगर के चेनप्पा गॉर्डन के पास मिला था। उसके सामने पूरा जीवन पड़ा था? उसकी मां को कौन जवाब देगा? उसके पिता के आंसू कौन पोछेगा? कर्नाटक में हत्या का सिलसिला कब रुकेगा?
सरेआम लड़की को जबरन छूने की कोशिश करते पाकिस्तानी सांसद का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि संतोष की जांघ पर घातक हमला किया गया था। बाद में उसने दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि इससे पहले तीन जनवरी को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े 28 वर्षीय दीपक राव की हत्या कर दी गई थी, जिसकी वजह से दक्षिण कन्नड़ जिले में काफी तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला था और इस बीच एक हमले में बशीर नामक शख्स की भी मौत हो गई थी।
हालिया समय में कर्नाटक में एक के बाद एक हिंदू कार्यकर्ताआें की हत्या को लेकर सत्तारू़ढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच काफी तनातनी चल रही है। भाजपा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर ‘जिहादी बलों’ को खुली छूट देने और हिंदू कार्यकर्ताओं की हत्या करने की इजाजत देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सब वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा क्षेत्र में संवेदनशील स्थिति के ध्रुवीकरण में जुटी हुई है।





