मुंबई के 14 वर्षीय क्रिकेटर ने 2 दिन तक लगातार बल्लेबाजी कर ठोंक दिए 1045 रन

गौरतलब है कि तनिष्क के कोच मनीष ने बताया कि उसने सोमवार को अपनी पारी शुरू की थी और मंगलवार तक खलता रहा। कोपारखैरने स्थित यशवंतराव चव्हाण इंग्लिश मीडियम स्कूल ग्राउंड में टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की प्रतिभा दिखाई। वो लगातार दो दिन खेलते रहे। उनके कोच मनीष ने दावा किया है कि इस ग्राउंड में लेग साइड की बाउंड्री 60-65 यार्ड्स जबकि ऑफ साइड बाउंड्री 50 यार्ड्स की है। इस दौरान तनिष्क ने नाबाद पारी में 149 चौके और 67 छक्के जड़े।
तनिष्क के कोच ने बताया कि इस टूर्नामेंट का आयोजन यशवंतराव चव्हाण इंग्लिश मीडियम स्कूल और खुद मनीष ने किया था। हालांकि, इस संबंध में मुंबई क्रिकेट संघ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नवी मुंबई शील्ड अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट को उसकी तरफ से मान्यता नहीं दी गई है। कोच ने दावा किया है कि इस मैच में लेदर की बॉल का इस्तेमाल किया गया था।
बता दें कि इससे पहले भी मुंबई के ही एक क्रिकेटर प्रणव धनावड़े ने 1000 रनों का आंकड़ा पार किया था जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड साबित हुआ था। प्रणव ने 16 साल की उम्र में स्कूल क्रिकेट के मैच में नाबाद 1009 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 59 छक्के, 129 चौके की मदद से बेहतरीन पारी खेली थी।





