महिला ने नाबालिग लड़की को किया मकान मालिक के हवाले, फिर लुटती रही अस्मत
फिरोजपुर। बस्ती खानूवाली (सूरजनगरी) में एक महिला ने 14 साल की एक नाबालिग लड़की की अस्मत एक हजार रुपये में मकान मालिक के हवाले कर दी। इसके बाद उसे हरियाणा में शादी के लिए बेच दिया। नाबालिग किसी तरह भागकर पुलिस के पास पहुंची। पिछले एक महीने तक चले इस घटनाक्रम के बाद 24 जनवरी को उसने फिरोजपुर के थाना सदर में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
बस्ती खानूवाली (सूरजनगरी) में छठी कक्षा की छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपने मोहल्ले की वीरो की बेटियों के साथ खेलती है। दिसंबर 2017 में वीरो ने उसे अपने मकान मालिक से मिलाया। तब मकान मालिक ने वीरो को एक हजार रुपये दिए। इसमें से वीरो ने 600 रुपये उसे दे दिए और 400 रुपये अपने पास रख लिए। इसके बाद वीरो के मकान मालिक ने उससे जबरन दुष्कर्म किया।
उसके बाद जिंदा चक्कीवाले से पैसे का लालच देकर उससे मिलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने मना कर दिया। जिंदा चक्की वाले ने उससे छेड़छाड़ की। इसके बाद 1 जनवरी 2018 को वीरो ने उसे घर बुलाया और उसे टैंकावाली बस्ती में सोनिया के घर ले गई। वहां उसकी शादी राजस्थान में करने की बात करते हुए कहा कि उन्हें इसके अच्छे पैसे मिल जाएंगे।
इसके बाद 7 जनवरी को वीरो उसे फिर सोनिया के घर ले गई। वहां उसे तीन दिन तक रखा गया। 10 जनवरी को सोनिया, उसका भाई अनिल व रोबट गाड़ी से फरीदकोट ले गए। फिर हरियाणा के सिरसा के पास किसी गांव की ढाणी में ले जाकर उसकी 30 वर्ष के एक लड़के से शादी कर दी गई।
सोना व पैसा लेकर रखने और ले जाने का आश्वासन दिया
पीड़िता को सोनिया ने कहा कि वह शादी के बाद मिला सोना और पैसा थैले में डालकर रखे। वह उसे मौका पाकर ले जाएगी। इसके बाद वह एक रात किसी तरह से ढाणी से भागकर लोगों के पास पहुंची, जिन्होंने उसे पुलिस के पास पहुंचाया। तब उसने पुलिस को बताया कि वह फिरोजपुर की रहने वाली है। पुलिस ने उसके पिता को बुलाकर उनके हवाले किया।
उधर, थाना सदर प्रभारी एसएचओ गुरविंदर सिंह ने बताया कि अभी तक पता नहीं लगा है कि पीडि़ता की शादी किस गांव में की गई। पुलिस टीम इसका पता लगा रही है। पुलिस ने वीरो उर्फ मनजीत कौर निवासी सूरज नगरी, उसके मकान मालिक, बस्ती निजामदीन वाली निवासी जिंदा चक्की वाला, सोनिया निवासी टैंकावाली बस्ती, अनिल कुमार निवासी टैंकावाली बस्ती और रोबट नाम व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।





