बड़ी खबर: देशभर में निजी डॉक्टर हड़ताल पर, आईएमए मना रही है ‘काला दिवस’

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के मंगलवार को देशभर के निजी अस्पतालों में रोजमर्रा की सेवाओं को निलंबित रखने के लिए 12 घंटों के बंद का आह्वान किया है। बंद का असर निजी अस्पतालों की ओपीडी सेवाएं पर दिख रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) विधेयक मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की जगह लेगी। आईएमए इसका विरोध कर रही है।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग विधेयक पर मंगलवार को संसद में चर्चा हो सकती है। विधेयक में प्रस्ताव है कि भारतीय चिकित्सा पद्धति के चिकित्सक एक ‘ब्रिज कोर्स’ पूरा कर लेने के बाद एलोपैथी डॉक्टर की तरह प्रैक्टिस कर सकते हैं। आईएमए के मुताबिक इससे बड़े पैमाने पर चिकित्सा का स्तर गिरेगा और यह मरीज की देखभाल और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा। आईएमए की मांग है कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति के तहत प्रैक्टिस के लिए एमबीबीएस का मानक बना रहना चाहिए।
केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों से बंद के असर की खबरें आ रही हैं। केरल की राजधानी तिरूवनंतपुरम में डॉक्टरों ने राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया।





