धर्मशाला वनडे: श्रीलंका ने 7 विकेट से दिया भारत को मात, सीरीज में 1-0 से आगे

श्रीलंकाई टीम ने भारत को धर्मशाला वनडे में 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. इस मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाज से लेकर गेंदबाज सभी बुरी तरह नाकाम रहे हैं.
धर्मशाला की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित एचपीसीए स्टेडियम में हुए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. 113 रनों के आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 20.4 ओवर में ही 3 विकेट गंवा कर 114 रन बना लिए और ये मैच 7 विकेट से जीत लिया.
श्रीलंका की ओर से उपुल थरंगा ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए. वहीं, निरोशन डिकवेला ने 26 रनों की पारी खेली. टीम इंडिया के लिए भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को 1-1 विकेट मिला. सुरंगा लकमल को उनकी धारदार गेंदबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ के अवॉर्ड से नवाजा गया. लकमल ने मैच में 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी .
इसे भी पढ़े: पोते से मिलने अहमदाबाद आए बुमराह के दादा का मिला शव
स्कोरबोर्ड LIVE
भारत की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 38.2 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम इंडिया के आठ बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए. आठवें विकेट के लिए एमएस धोनी के साथ मिलकर कुलदीप यादव ने 41 रनों की पार्टनरशिप की थी. पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने एक छोर संभालकर टीम इंडिया को 100 रन के पार पहुंचाया. धोनी ने सबसे ज्यादा 65 रनों की पारी खेली.
धोनी ने लगाई फिफ्टी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने मुश्किल हालात में बेहद महत्तवपूर्ण पारी खेली. धोनी ने अपने वनडे करियर का 67वां अर्धशतक लगाया. धोनी ने 87 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके 2 छक्के शामिल थे. जिस वक्त धोनी बल्लेबाजी के लिए उतरे उस वक्त भारत का स्कोर 16 रन पर 4 विकेट था.





