‘पर्सन ऑफ द ईयर’ बना ये सेल्फी वाला बंदर

अपनी दांत दिखाने वाली सेल्फी लेने के बाद सुर्खियों में आये और अमेरिका के कॉपीराइट मामले में ऐतिहासिक घटना को जन्म देने वाले इंडोनेशिया के बंदर को आज पशु अधिकारों के लिये काम करने वाले समूह ने पर्सन ऑफ द ईयर के तौर पर नामित किया है। पशु अधिकारों के लिये काम करने वाली संस्था पीपुल फॉर द एथिकल टरीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) ने ही इस बंदर की सेल्फी का मामला उठाया था। पेटा ने नारुतो नामक इस बंदर को सम्मानित करते हुए यह कहा कि काले रंग का यह बंदर एक जीव है ना कि कोई वस्तु।
वर्ष 2011 में सुलावेसी द्वीप पर नारुतो ने ब्रिटिश नेचर फोटोग्राफर डेविड स्लेटर के लगाये एक कैमरे की लेंस की ओर घूरते हुए कैमरे का बटन दबा दिया था। डेविड प्रकृति एवं इससे जुडी वस्तुओं की तस्वीरें लेते हैं। यह तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी थी और पेटा ने इसके खिलाफ मुकदमा दायर कर दावा किया था कि छह साल के नारुतो को अपनी तस्वीर का रचनाकार एवं मालिक घोषित करना चाहिए। पेटा के संस्थापक इनग्रिड नेवकिर्क ने आज एक बयान में कहा कि नारुतो की ऐतिहासिक सेल्फी ने उस विचार को चुनौती दी कि व्यक्ति कौन है और कोन नहीं है। ऐसा पहली बार है जब इस पशु को किसी की संपत्ति घोषित करने के बजाय उसे संपत्ति का मालिक घोषित करने की मांग करते हुए कोई मुकदमा दायर किया गया है।
इस पेड़ पर लगे कीमती कटहल से किसान बना लखपति, पढ़े पूरी खबर…
बहरहाल इस मुकदमे से अंतरराष्ट्रीय कानूनी विशेषज्ञों के बीच पशुओं के लिए उनके व्यक्तित्व की पहचान और वे अपनी संपत्ति के मालिक हो सकते हैं या नहीं, इसे लेकर एक बहस छिड गई। सितंबर में अदालत के फैसले के साथ मामले में इस बात पर सहमति बनी कि डेविड भविष्य में बंदर की सेल्फी के इस्तेमाल या उसकी बिक्री से होने वाली कमाई का 25 प्रतिशत हिस्सा इंडोनेशिया में इन बंदरों की रक्षा में मदद के लिये देंगे।





