मोबाइल नंबर आधार से नहीं लिंक होने से युवक का पटवारी बनने का सपना टूटा

पटवारी के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख शुक्रवार को थी। इस दौरान मोबाइल नंबर और आधार कार्ड जुड़ने की परेशानी के चलते प्रदेश के हजारों उम्मीदवार परीक्षा के लिए आवेदन जमा करने से महरूम हो गए। उम्मीदवारों का कहना है कि ऐसे कई आवेदक हैं जिनका आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर बदल चुका है या फिर उन्होंने हाल ही में ई-केवाईसी करवा कर उसे लिंक नहीं करवाया है।
इस समस्या का स्वरूप काफी बड़ा है। उम्मीदवारों के मुताबिक आवेन करते समय फॉर्म में दर्ज मोबाइल नंबर पर मध्यप्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड एक वन पासवर्ड (ओटीपी) भेजता है। गांवों में रहने वाले ऐसे कई गरीब और महिला उम्मीदवार हैं जिनके पास अपना मोबाइल नहीं है। वे अपने परिवार के दूसरे सदस्यों के मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में वे तमाम लोग आवेदन जमा नहीं कर पाए। इसलिए आवेदकों की मांग है कि उन्हें ये छूट मिलनी चाहिए कि वे अपने पास उपलब्ध मोबाइल नंबर फॉर्म में दर्ज लिख सकें।
वहीं मध्यप्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक एसके भदौरिया के मुताबिक परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य किया गया है। उनका कहना है कि जिन लोगों ने आधार से अपना मोबाइल लिंक नहीं किया है, उन्हें फॉर्म भरने में परेशानी आ रही है। बोर्ड के स्तर से कोई तकनीकी समस्या नहीं है। हालांकि परीक्षा बढ़ाने की तारीख पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।





