विराट एंड कंपनी को मिला तोहफा, अब बिजनेस क्लास से करेगी सफर

भारतीय टीम के क्रिकेटर जब भी किसी विदेशी दौरे के लिए अपने शहर से दिल्ली या मुंबई में इकठ्ठा होने के लिए आते हैं या दौरे से वापस आकर अपने-अपने शहरों के लिए जाते हैं तो उन्हें इकॉनॉमी क्लास से हवाई सफर करना पड़ता है।
यही नहीं टीम इंडिया के घरेलू दौरे की शुरुआत और अंत में जब ये क्रिकेटर अपने शहरों से पहले मेजबान स्थल तक जाते हैं या टूर्नामेंट खत्म होने के बाद वापस अपने शहर जाते हैं तो भी उन्हें इकॉनमी क्लास से ही सफर करना होता है।
इस दौरान प्रशंसक हवाई जहाज में ही क्रिकेटरों से सेल्फी या ऑटोग्राफ लेने की जिद करते हैं जिसके कारण अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो जाती है। इसको लेकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बीसीसीआई से बात की थी जिसके बाद कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्नाा ने ऐसी परिस्थिति में भी भारतीय क्रिकेटरों को बिजनेस क्लास में सफर कराने की सिफारिश की थी जिसे मान लिया गया है।
इसे भी पढ़े: क्रिकेट के यह 4 नियम जिसे आम लोग नहीं जानते…
सीके खन्ना ने कहा कि बोर्ड ने इस बारे में खिलाड़ियों की निजता को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है। मौजूदा टीम इंडिया में कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्हें अपने कद के कारण भी इकॉनमी क्लास में परेशानी होती है।
इनमें ईशांत शर्मा, केएल राहुल, मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी शामिल हैं क्योंकि इनके पैर सही ढंग से आ नहीं पाते हैं। पूर्व दिग्गज कपिल देव भी बोर्ड के सामने ये मसला उठा चुके हैं।
कपिल ने इसी साल सितंबर में बोर्ड से कहा था कि अब समय आ गया है जब बोर्ड के पास अपना खुद का एक यात्री जहाज हो। इससे बाकी सभी चीजों के अलावा खिलाड़ियों को हवाई यात्रा में काफी सहूलियत होगी।
कपिल ने कहा था कि बीसीसीआई के पास अब काफी पैसा है। ऐसे में उसे अब अपना जहाज ले लेना चाहिए। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खन्ना ने कहा कि मेरे दिए गए प्रस्ताव को बीसीसीआई ने मान लिया है। निश्चित तौर पर इससे क्रिकेटरों को सुविधा मिलेगी।





